विज्ञापन

कोहरा या स्मॉग? सर्दियों में दिखने वाली हर धुंध एक जैसी नहीं, IMD ने बताया दोनो में फर्क

सर्दियों के मौसम में सुबह दिखाई देने वाली धुंध को लोग अक्सर कोहरा समझ लेते हैं, लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता. IMD के अनुसार, कोहरा और स्मॉग दोनों अलग-अलग चीजें हैं.

कोहरा या स्मॉग? सर्दियों में दिखने वाली हर धुंध एक जैसी नहीं, IMD ने बताया दोनो में फर्क
सर्दियों की धुंध कोहरा है या स्मॉग? मौसम विभाग ने बताया अंतर
NDTV
  • सर्दियों में सुबह दिखने वाली सफेद धुंध कोहरा या स्मॉग दोनों में से कोई भी हो सकती है
  • कोहरा हवा में मौजूद सूक्ष्म जल बूंदों से बनता है और यह तापमान गिरने और नमी बढ़ने से अधिक होता है
  • स्मॉग वायु प्रदूषण का परिणाम है जिसमें धुआं, धूल और अन्य प्रदूषक कण शामिल होते हैं

सर्दियों की सुबह घर से बाहर निकलते ही अक्सर चारों तरफ सफेद धुंध की चादर दिखाई देती है. दूर की चीजें साफ नजर नहीं आतीं और सड़कों पर भी दृश्यता कम हो जाती है. ऐसे में ज्यादातर लोग इसे कोहरा समझ लेते हैं. लेकिन हर बार आसमान में छाई यह धुंध कोहरा नहीं होता. कई बार यह स्मॉग भी हो सकता है, जो वायु प्रदूषण का नतीजा है.

दिखने में कोहरा और स्मॉग भले ही एक जैसे लगें, लेकिन इनके बनने की वजह बिल्कुल अलग होती है. इसी अंतर को लेकर मौसम विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की है.

कोहरा और स्मॉग एक-दूसरे से अलग

आईएमडी के मुताबिक, कोहरा और स्मॉग एक-दूसरे से अलग हैं. कोहरा मुख्य रूप से हवा में मौजूद पानी की बेहद छोटी-छोटी बूंदों से बनता है. इसी वजह से आसपास धुंध दिखाई देने लगती है और दृश्यता कम हो जाती है. आमतौर पर सर्दियों में तापमान गिरने और नमी बढ़ने के कारण कोहरा ज्यादा देखने को मिलता है.

क्या होता है दोनों में अंतर?

स्मॉग सिर्फ पानी की बूंदों से नहीं बनता, बल्कि यह वायु प्रदूषण से जुड़ी एक समस्या है. इसमें धुआं, धूल, धुंध और हवा में मौजूद दूसरे प्रदूषक कण शामिल होते हैं. वाहनों से निकलने वाला धुआं, फैक्ट्रियों का उत्सर्जन, निर्माण कार्यों की धूल और अन्य प्रदूषण के स्रोत स्मॉग बढ़ाने में भूमिका निभाते हैं. सर्दियों में स्मॉग की समस्या ज्यादा गंभीर हो सकती है.

दोनों के बीच अंतर समझना इसलिए जरूरी है, क्योंकि स्मॉग में मौजूद प्रदूषक कण स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इससे आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में परेशानी हो सकती है. खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को अधिक सावधानी बरतनी चाहिए.

इसलिए सुबह के समय धुंध दिखाई देने पर सिर्फ उसे कोहरा मानकर नजरअंदाज न करें. बाहर निकलने से पहले वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) और मौसम की जानकारी जरूर देखें. प्रदूषण अधिक होने पर खुले में ज्यादा देर रहने से बचें और जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करें.

यह भी पढ़ें | कल का मौसम: दिल्ली-यूपी में कोहरा, राजस्थान में शीतलहर, दक्षिण भारत के 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Update, IMD, IMD Forecast, Fog Update, Fog Update Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com