विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर को मिली तीसरी वंदे भारत ट्रेन, उधमपुर नया स्टॉप, रूट, टाइमिंग और किराया जान लें

रेलवे का इस रूट पर उधमपुर को शामिल करने का फैसला इलाके के लिए राहत भरा है. स्थानीय लोग इस खबर से बहुत ही खुश हैं. उनका मानना ​​है कि इससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी और रेल से सफर करना और भी आसान हो जाएगा. 

जम्मू-कश्मीर को मिली तीसरी वंदे भारत ट्रेन, उधमपुर नया स्टॉप, रूट, टाइमिंग और किराया जान लें
जम्मू-कश्मीर में दौड़ने जा रही तीसरी वंदे भारत ट्रेन.
  • जम्मू और श्रीनगर के बीच तीसरी वंदे भारत ट्रेन शुरू होने जा रही है. उधमपुर स्टेशन पर भी रुकेगी
  • यह ट्रेन नवरात्रि के खास मौके पर शुरू की जा सकती है, माता वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी
  • ट्रेन सुबह जम्मू से रवाना होकर उधमपुर, वैष्णो देवी कटड़ा होते हुए दोपहर में श्रीनगर पहुंचेगी

जम्मू और श्रीनगर के बीच तीसरी वंदे भारत ट्रेन चलने जा रही है. रेलवे ने इसे लेकर तैयारी पूरी कर ली है. यह ट्रेन उधमपुर होते हुए जम्मू-श्रीनगर रूट पर दौड़ेगी. तीसरी वंदे भारत ट्रेन चलने से न सिर्फ शहरों के बीच ट्रेन की क्षमता बढ़ेगी बल्कि यात्रियों को यात्रा का एक और विकल्प मिल जाएगा.

तीसरी वंदे भारत चलाए जाने की घोषणा केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक्स पर की. उन्होंने लिखा, 'उधमपुर के लिए अच्छी खबर है.रेल मंत्रालय स्थानीय लोगों की भारी मांग और हमारे विशेष अनुरोध पर जम्मू-श्रीनगर के बीच तीसरी और नई वंदे भारत ट्रेन के लिए उधमपुर को नए स्टॉप के तौर पर शामिल करने पर सहमत हो गया है.'

वंदे भारत ट्रेन का रूट और टाइम जानें

इस ट्रेन को अगले महीने नवरात्रि के खास मौके पर शुरू किया जा सकता है. दरअसल नवरात्रि में माता वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा हो जाता है, तो इसीलिए नवरात्रि में ट्रेन इस रूट पर शुरू की जा सकती है.

जम्मू से श्रीनगर जाने वाली वंदे भारत अब उधमपुर स्टेशन पर भी रुकेगी. मतलब ट्रेन जम्मू से चलकर उधमपुर, वैष्णो देवी कटड़ा और फिर सीधा श्रीनगर जाकर रुकेगी. ट्रेन जम्मू तवी से सुबह 10.30 बजे रवाना होगी और 11. 30 बजे उधमपुर पहुंचेगी. ट्रेन दोपहर 3 बजकर 10 मिनट पर श्रीनगर पहुंचेगी. वहां से  शाम 4 बजे ट्रेन वापस चलेगी और  रात 8 बजकर 40 मिनट पर जम्मू पहुंचेगी.

वंदे भारत ट्रेन का किराया कितना होगा?

जम्मू-श्रीनगर रूट पर चल रही मौजूदा वंदे भारत ट्रेन का किराया 855 से 1780 रुपये के बीच है. माना जा रहा है कि तीसरी वंदे भारत का किराया भी इतना ही रह सकता है.

बता दें कि दो वंदे भारत ट्रेनें 6 जून, 2025 को शुरू की गई थीं. ये ट्रेनें शुरुआत में श्री माता वैष्णो देवी कटरा और श्रीनगर के बीच चलती थीं. 30 अप्रैल, 2026 से इनको जम्मू तवी रेलवे स्टेशन तक बढ़ा दिया गया. इससे यात्रियों को जम्मू और श्रीनगर के बीच वंदे भारत का सीधी कनेक्टिविटी मिल गई.भारतीय रेलवे के मुताबिक, वंदे भारत ट्रेनें शुरू होने के बाद से ही पूरी क्षमता के साथ चल रही हैं, जिस वजह से  अधिकारियों को हर ट्रेन में 16 से बढ़ाकर 20 कोच करने पड़े. 

जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत रूट पर चार स्टॉपेज

वर्तमान में जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत रूट पर चार स्टॉपेज हैं. शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, रियासी और बनिहाल. यह ट्रेन जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच 269 किमी. की दूरी लगभग 4 घंटे 45 मिनट में तय करती है, जिससे दोनों इलाकों के बीच तेज और ज्यादा सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिल रही है.

उधमपुर बनेगा वंदे भारत ट्रेन का नया स्टॉप

रेलवे का इस रूट पर उधमपुर को शामिल करने का फैसला इलाके के लिए राहत भरा है. स्थानीय लोग इस खबर से बहुत ही खुश हैं. उनका मानना ​​है कि इससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी और रेल से सफर करना और भी आसान हो जाएगा. 

जम्मू-श्रीनगर के लिए तीसरी ट्रेन का ऐलान वंदे भारत नेटवर्क के बड़े विस्तार के तहत किया गया है. इस ट्रेन नेटवर्क की एक और अहम सर्विस बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर है, जो जल्द शुरू हो सकती है. इस ट्रेन का मकसद दो बड़े शहरों के बीच रात भर की कनेक्टिविटी को मजबूत करना है. हालांकि रेलवे ने अभी तक इस ट्रेन का फाइनल शेड्यूल और स्टॉपेज तय नहीं किए हैं.

ये भी पढे़ं-वंदे भारत ट्रेन में घुस रहा था 10 फीट लंबा अजगर, हरिद्वार से देहरादून जा रही थी ट्रेन, VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vande Bharat Train, Indian Railway, Vande Bharat Train Route, Jammu Kashmir
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com