बिहार में वैशाली के राघोपुर में हुए नाव हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है. इसके अलावा हादसे में 7 लोग घायल हुए हैं, जिनका पटना के हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है. घटना वाले इलाके में पहुंची जिले की कलेक्टर का गांव वालों ने जमकर विरोध किया और मुर्दाबाद के लगाए. इस दौरान हंगामे जैसी स्थिति बन गई. हादसे वाला इलाका राघोपुर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का चुनावी क्षेत्र है. हादसे की जानकारी मिलते ही वैशाली जिले के डीएम वर्षा सिंह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर पहुंची थीं. वहां पर 13 लोगों की डेड बॉडी पहले ही पहुंच चुकी थी और परिजन फूट-फूट कर रो रहे थे. जिले की कलेक्टर पहुंची तो पीड़ित महिलाएं जिलाधिकारी वर्षा सिंह से लिपट कर रोने लगीं.
कैसे हुआ हादसा?
दर्दनाक नाव हादसा राघोपुर के रामपुर गांव में हुआ, जब श्राद्ध का भोज खाने के लिए एक नाव पर सवार होकर करीब 30 लोग एक दूसरे गांव जा रहे थे. रास्ते में ही नाव पलट गई और लोग पानी में समा गए. इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो गई. कई लोगों के लापता होने की भी जानकारी सामने आई है. घटना के बाद गांव के लोगों काफी गुस्सा है.
मुआवजे का ऐलान
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीड़ितों के परिवारों के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे में मासूम लोगों की जान जाने की खबर बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली है. इस मुश्किल वक्त में, मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दे और परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे."
विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की दुर्भाग्यपूर्ण दुखद खबर प्राप्त हुई. डूबने वालों में से अधिकांश बच्चे हैं. ईश्वर सबको सुरक्षित रखें. स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से वार्ता कर राहत बचाव और उपचार कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया."
यह भी पढ़ें | सरकारी नाव जर्जर, अस्पताल में ऑक्सीजन, डॉक्टर, एम्बुलेंस सब नदारद... वैशाली का डरावना सच
यह भी पढ़ें | वैशाली नाव हादसा: 17 साल की चांदनी बनी फरिश्ता, बचाईं 3 जानें; 13 मौतें, 7 एक ही परिवार से
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं