विज्ञापन

सरकारी नाव जर्जर, अस्पताल में ऑक्सीजन, डॉक्टर, एम्बुलेंस सब नदारद... वैशाली का डरावना सच

वैशाली के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत हुई है. सभी एक ही गोतिया परिवार के थे और श्राद्ध भोज में जा रहे थे. प्रशासन ने 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान किया है.

सरकारी नाव जर्जर, अस्पताल में ऑक्सीजन, डॉक्टर, एम्बुलेंस सब नदारद... वैशाली का डरावना सच
बिहार के वैशाली में नाव पलटने से हादसा (Photo: NDTV)
वैशाली:

बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार को गंगा नदी में एक नाव के पलटने से अब तक बच्चों सहित करीब 13 लोगों की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि नाव में 15 से 20 लोग सवार थे और वे सभी एक दावत में शामिल होने जा रहे थे. यह घटना वैशाली के राघोपुर इलाके में हुई. मरने वालों में ज्यादातर बच्चे बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद अधिकारियों की एक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है. राहत और बचाव कार्य के लिए NDRF की टीमें भी इलाके में तैनात की गई हैं. नदी में लापता लोगों की तलाश में स्थानीय लोग भी प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं. नाव हादसे के बाद सुबह सभी मृत बच्चों के शवों को प्रशासन ने परिजनों के हवाले कर दिया, जिसके बाद बच्चों के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया की जा रही है.

प्रशासन ने पीड़ित परिवार को चार-चार लाख का चेक और 'कबीर अंत्येष्टि योजना' से तीन-तीन हजार रुपया दिया, जिसके बाद परिजन शव ले गए.

दरअसल, राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव में कोहराम मच गया है क्योंकि इस गांव में तीन घर के 13 बच्चों की मौत इस हादसे में हो गई है. सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि सभी बच्चे एक ही परिवार से हैं. बताया जा रहा है कि तीनों परिवार आपस में गोतिया हैं. जहां सभी बच्चे श्राद्ध कर्म का भोज खाने नाव से जा रहे थे, वह भी गोतिया ही है.

यह भी पढ़ें | वैशाली नाव हादसा: 17 साल की चांदनी बनी फरिश्ता, बचाईं 3 जानें; 13 मौतें, 7 एक ही परिवार से

रामप्रवेश राय के घर से 7, राजकिशोर राय के घर से 5 और डोमन राय के घर की एक बच्ची की मौत हुई है. दो बच्चियों की उम्र 18 साल के आस पास है जबकि बाकी बच्चों की उम्र 15 साल के नीचे है. मृतकों में लड़कियों की संख्या ज्यादा है. जानकारी के मुताबिक, सिदाहिन राय की दिव्यांग बेटी की मौत हुई थी, जिसके श्राद्ध का भोज खाने के लिए ही बच्चे नाव से निकले थे.

बहरहा गांव के रहने वाले रवि कुमार बताते है कि सीओ को आवेदन दिया गया था कि नाव की स्थिति ठीक नहीं है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. ऐसे में सीओ पर हत्या का मुकदमा करने की मांग की जा रही है.

इस साल बिहार में नाव हादसों में सौ से अधिक लोग डूबे, इनमें कम से कम 34 लोगों की मौत हुई है-

  • वैशाली में हुआ नाव हादसा इस साल का सबसे बड़ा हादसा है। इस घटना में अब तक 13 बच्चों की मौत हुई है.
  • 3 अप्रैल को शिवहर में नाव हादसे में 25 लोग डूबे, 1 की मौत हुई.
  • 27 अप्रैल को मोतिहारी में नाव हादसे में 5 लोग डूबे. इसमें 2 मौत हुई, एक शव 11 दिन बाद मिला.
  • 28 मई को पटना के बाढ़ में नाव हादसे में 15 लोग डूबे, जिसमें 7 लोगों की मौत हुई. 
  • 29 मई को गोपालगंज में नाव डूबने से 3 बच्चियों की मौत हो गई थी. 
  • 10 जून को दरभंगा के किरतपुर में नाव पलटने से 3 ग्रामीणों की मौत हो गई थी. 
  • 26 अगस्त को भागलपुर में तटबंध कार्य में लगी नाव डूब गई थी. नाव पर 21 मजदूर थे. इनमें दो मजदूरों की मौत हो गई थी. 
  • 8 सितंबर को वैशाली के तेरसिया में नाव डूबी, जिसमें 11 लोग सवार थे और दो लोगों की मौत हो गई. 
  • 25 सितंबर को मुजफ्फरपुर में नाव डूबी, 15 लोग सवार थे, जिसमें 14 सुरक्षित निकाले गए. 15 वर्षीय रानी का अब तक कुछ पता नहीं चला. 
  • इसके अलावा सुपौल में नाव पलटने से 25 लोग डूबे थे, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया.

यह भी पढ़ें | बिहार: वैशाली में गंगा नदी में पलटी नाव, 13 की मौत; PM मोदी ने जताया दुख

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Vaishali, Vaishali News, Vaishali Bihar News, Deaths
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com