गोवा में चल रहे 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के WAVES Film Bazaar में उत्तराखंड पवेलियन इस बार सबसे ज्यादा चर्चा में है. देशी-विदेशी निर्देशक, निर्माता और फिल्म उद्योग से जुड़े लोग लगातार पवेलियन पर पहुंच रहे हैं और उत्तराखंड में शूटिंग की संभावनाओं और वहां की फिल्म नीति के बारे में जानकारी ले रहे हैं.
केंद्र सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने उत्तराखंड पवेलियन का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की फिल्म नीति अन्य राज्यों की तुलना में सबसे बेहतरीन है. उन्होंने राज्य के प्राकृतिक लोकेशंस की भी तारीफ की और कहा कि फिल्म शूटिंग के लिए यहां बेहद शानदार और आकर्षक लोकेशंस हैं. उन्होंने शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की भी सराहना की.
IFFI-2026 का शुभारंभ गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने दीप प्रज्वलन के साथ किया था. इस मौके पर प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, समारोह निदेशक आशुतोष गोवारिकर, अभिनेता कार्तिक आर्यन और अभिनेत्री साई पल्लवी भी मौजूद थे.
पैनल में खुली पॉलिसी की पूरी किताब
WAVES फिल्म बाजार में ‘Destination Uttarakhand: Where Nature Meets Cinematic Magic' विषय पर विशेष पैनल डिस्कशन भी हुआ. इसमें उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, अभिनेत्री-निर्माता आरुषि निशंक और फिल्म निर्माता राम रेड्डी शामिल हुए. संचालन अभिनेत्री शीना ने किया.
के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में बनी उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 के तहत हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है. सिंगल विंडो व्यवस्था और आसान शूटिंग परमिशन के जरिए फिल्मकारों को सुविधाएं दी जा रही हैं.
उन्होंने कहा कि हिमालयी नजारे, नदियां, पहाड़ी इलाके, ऐतिहासिक-विरासत भवन और समृद्ध संस्कृति फिल्मकारों को अलग-अलग लोकेशंस देती है. मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार समेत गढ़वाल-कुमाऊं में शूटिंग की बड़ी संभावनाएं हैं. पॉलिसी का आधार 3T - टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी है, जिससे स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को मौका मिल रहा है.

Photo Credit: NDTV
फिल्मकारों ने सुनाए अपने अनुभव
आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई' का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर बनी इस कहानी को सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने इसे कमीशन किया था. उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक मजबूत इकोसिस्टम बनने से और ज्यादा फिल्मकार यहां आएंगे.
वहीं, फिल्म ‘जुगनुमा' के निर्माता राम रेड्डी ने कहा कि उत्तराखंड उनके लिए दूसरे घर जैसा है. लोकेशन तलाशने के लिए वह 17 बार उत्तराखंड आए. उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग और आत्मीयता की तारीफ की और बताया कि शूटिंग के दौरान कोई परेशानी नहीं हुई. फिल्म में मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी काम का मौका मिला.
रोजगार और पर्यटन को भी फायदा
पवेलियन पर पहुंचे फिल्मकारों का कहना है कि शूटिंग बढ़ने से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार मिलेगा. साथ ही होटल, परिवहन, आतिथ्य और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी फायदा होगा. उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद का लक्ष्य राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण का बड़ा केंद्र बनाना है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं