यूपी में आज सभी पोलिंग बूथों पर मतदाताओं को जोड़ने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है. सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अफसर वोटर लिस्ट में सुधार और अपडेट करने के लिए सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे. कोई भी व्यक्ति वहां ड्रॉफ्ट वोटर लिस्ट में चेक कर सकता है कि उसका नाम मतदाता सूची में है कि नहीं. अगर उसका नाम कट गया है या उसे नया नाम जुड़वाना है तो संबंधित फॉर्म भरकर ऐसा कर सकता है.निर्वाचन आयोग ने आम लोगों से कहा है कि वो पोलिंग बूथों पर जाकर मतदाता सूची में अपने परिवार के लोगों के नामों की जांच कर लें ताकि कोई भी वोटर मतदान के समय इससे वंचित न रह जाए.विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 एक महीने तक चलेगा.
मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा का कहना है कि सभी विधानसभा की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के बाद दावे और आपत्तियों का निस्तारण 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक होगा. 1 जनवरी 2027 की डेट को आधार मानकर सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की वोटर लिस्ट अपडेट किया जाएगा. इसी लिहाज से उत्तर प्रदेश में 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष मतदाता जोड़ो अभियान दिवस का आयोजन होगा. इन दिनों सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की अनिवार्य उपस्थिति होगी.
नया मतदाता का नाम फॉर्म -6 से जोड़ें
अगर किसी का मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है तो वो फॉर्म 6 भरकर नाम जोड़ने का आवेदन कर सकता है. वोटर लिस्ट में दर्ज नाम, एड्रेस और अन्य ब्योरे में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है. किसी नाम को हटवाने या आपत्ति दर्ज करने के लिए फॉर्म-7 इस्तेमाल करें. सभी पोलिंग बूथ पर बीएलओ के पास ड्रॉफ्ट मतदाता सूची और आवेदन फार्म6-7 और 8 रहेंगे. वोटरों की सुविधा के लिए हर मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी होगी.
मतदाता के लिए हेल्पलाइन नंबर
मतदाता किसी जानकारी और शिकायतों के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 भी डायल कर सकते हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 21 नवंबर को भी UP के मतदान केंद्रों पर निरीक्षण कार्य हुआ था. जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बूथों पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया.
ऑफलाइन आवेदन कैसे करें
विशेष अभियान के तहत अपने पोलिंग बूथ पर जाएं
बूथ पर मौजूद बीएलओ से फॉर्म 6 प्राप्त करें
फॉर्म-6 सही भरकर हस्ताक्षर और आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करें
आवश्यक दस्तावेज
आयु प्रमाणत्र के लिए आधार कार्ड, बर्थ सर्टिफिकेट
पता प्रमाणित करने के लिए आधार, बिजली-गैस, पानी का बिल
रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो
हेल्पलाइन नंबर डायल करें
जिला संपर्क केंद्र के नंबर 1950 को डॉयल करें
मोबाइल या लैंडलाइन से ये नंबर डॉयल करें
दूसरे जिले में संपर्क करना है तो एसटीडी कोड के साथ डॉयल करें
नागरिक सेवा पोर्टल भी सक्रिय
Voters.eci.gov.in पोर्टल पर जाएं
मोबाइल नंबर और ओटीपी दर्ज कराएं
New Voter Registration टैब पर क्लिक कर फॉर्म-6 भरें
आधार लिंक्ड मोबाइल नंबर ओटीपी से वेरीफिकेशन करें
इन बातों का रखें ध्यान
- पंचायत या नगर निकाय की मतदाता सूची में आपका नाम दर्ज होने का ये मतलब नहीं है कि आपका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में भी दर्ज होगा.
- सिर्फ मतदाता पहचानपत्र होने का भी ये मतलब नहीं है कि आपका नाम वोटर लिस्ट में दर्ज होगा
- EPIC नंबर के जरिये ये जांच लें कि नागरिक सेवा पोर्टल या ECINET Appके जरिये आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम चेक करें
- किसी भी तरह की शिकायत दर्ज करने के लिए राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल NGSP का इस्तेमाल करें
एक ही बूथ पर होंगे परिवार के सभी सदस्यों के नाम
इस अभियान में खासकर युवाओं और महिलाओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराने पर फोकस किया गया है. बुजुर्गों के लिए घर बैठे समाधान की व्यवस्था भीकी गई है.निर्वाचन अधिकारियों ने बीएलओ से घर-घर जाकर भी संपर्क अभियान छेड़े के साथ सभी नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने को कहा है. सभी आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण भी करने को कहा है. अगर किसी मतदाता का नाम कई मतदान केंद्रों में दर्ज है तो ऐसे डुप्लीकेट वोटरों का नाम एक जगह करने को कहा गया है.अगर किसी घर के सदस्यों के नाम अलग-अलग पोलिंग बूथ पर दर्ज हैं तो उन्हें एक ही जगह फॉर्म 8 के जरिये स्थानांतरित किया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं