भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ 'यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन' का दौरा किया, जहां उन्होंने कैरियर एयर विंग-5 के हवाई शक्ति प्रदर्शन को फ्लाइट डेक से देखा. इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वर्किंग लंच भी किया. मुंबई स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "अमेरिकी नौसेना के जवानों की ताकत, अनुशासन और जुझारूपन दुनियाभर में होने वाले समुद्री अभियानों को बेहद प्रभावशाली बनाते हैं. अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने 'यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन' के दौरे के दौरान नौसैनिकों की सेवा, कौशल और उनके त्याग को सम्मान दिया."
यह दौरा ऐसे समय हुआ है, जब कैरियर स्ट्राइक ग्रुप-5 सेंट्रल कमांड में अभियान पूरा कर 7वें बेड़े के क्षेत्र में लौट आया है और मुक्त व खुले हिंद-प्रशांत के समर्थन में अपने नियमित अभियान फिर से शुरू कर रहा है.
अमेरिकी रक्षा विभाग के मीडिया नेटवर्क 'डी-विड्स' की रिपोर्ट के अनुसार, यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन (सीवीएन 73) के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन निकोलस डीलियो ने कहा, "राजदूत गोर और हमारे विशेष मेहमानों को जहाज की हवाई शक्ति और संचालन क्षमताओं को करीब से देखने का मौका मिला. फ्लाइट डेक पर हुए रोमांचक प्रदर्शन से लेकर जहाज के विस्तृत दौरे तक, हमारे नौसैनिकों ने शानदार तरीके से दिखाया कि जॉर्ज वॉशिंगटन को इतना शक्तिशाली और प्रभावी प्लेटफॉर्म क्या बनाता है.”
रिपोर्ट के अनुसार, राजदूत सर्जियो गोर ने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि समुद्र में तैनात हमारे नौसैनिकों की ताकत हमें महत्वपूर्ण विकल्प देती है. कूटनीति उन विकल्पों को सही दिशा और उद्देश्य देती है. जब दुनिया की बेहतरीन नौसैनिक शक्ति और उद्देश्यपूर्ण कूटनीति भारत जैसे भरोसेमंद साझेदारों के साथ मिलकर काम करती है, तब वास्तविक सुरक्षा सुनिश्चित होती है.”
यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन को प्रमुख जहाज (फ्लैगशिप) बनाने वाला कैरियर स्ट्राइक ग्रुप फाइव इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अग्रिम रूप से तैनात है. इसका उद्देश्य सहयोगी देशों के साथ संबंधों को मजबूत करना, संभावित खतरों को रोकना और समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना है.
यह भी पढ़ें: आतंकवाद पर सवाल से बचते दिखे पाकिस्तानी मंत्री, बोले- द्विपक्षीय नहीं, बहुपक्षीय मुद्दों पर करें बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं