विज्ञापन

समंदर का नन्हा 'बाहुबली' है पिस्तौल श्रिम्प, जो बुलबुले से पैदा करता है सूरज जैसी गर्मी

समंदर में रहने वाला छोटा सा पिस्तौल श्रिम्प जब अपना पंजा झटकता है, तो उससे किसी बंदूक से गोली चलने जितनी तेज आवाज निकलती है.

समंदर का नन्हा 'बाहुबली' है पिस्तौल श्रिम्प, जो बुलबुले से पैदा करता है सूरज जैसी गर्मी
समंदर में 2 इंच का पिस्तौल झींगा 'बंदूक की गोली' जैसी आवाज वाले बुलबुले से करता है शिकार, तापमान सूरज जितना गर्म.
YouTube@Aquarium Store Depot and Sharp Shooter

Viral Video: समंदर की गहराइयों में 4 सेंटीमीटर लंबा और 25 ग्राम वजनी एक ऐसा जीव रहता है, जो अपने शिकार को पकड़ने के लिए दांतों या जहर का नहीं, बल्कि बुलबुले का इस्तेमाल करता है. स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की रिपोर्ट के मुताबिक, जब ये बुलबुला फूटता है तो उससे 218 डेसिबल की आवाज निकलती है, जो किसी बंदूक से गोली चलने की आवाज जितनी तेज होती है. इसके वार से उस छोटी सी जगह पर तापमान पल भर के लिए 4800 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, जो करीब-करीब सूरज की सतह जितनी गर्मी है. इतना ही नहीं, इसके पंजे से पानी का एक तेज जेट निकलता है, जो 25 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से आगे बढ़ता है. इसके रास्ते में आने वाली छोटी मछलियां इस जबरदस्त दबाव से तुरंत ढेर हो जाती हैं.

इस जीव का नाम क्या है?

इस समुद्री जीव का नाम पिस्तौल श्रिम्प (Pistol Shrimp) है जिसे स्नैपिंग श्रिम्प (Snapping Shrimp) भी कहते हैं. ये अल्फीडे (Alpheidae) परिवार का हिस्सा है, लेकिन इसके अनोखे पंजे के कारण इसे दो अलग-अलग आम नामों से जाना जाता है. दुनिया भर में इसकी 600 से ज्यादा प्रजातियां पाई जाती हैं जो झुंड में या गोबी जैसी छोटी मछलियों के साथ पार्टनरशिप में रहती हैं. यानी झींगा मछली को घर की सुरक्षा देता है और मछली बदले में पहरेदार का काम करती है.

'धमाका' कैसे होता है?

हाउ स्टफ वर्क्स के अनुसार, इसके पीछे 'बर्नौली का सिद्धांत' काम करता है. यह झींगा अपने खतरनाक बुलबुलो का इस्तेमाल शिकार करने, चट्टानों में सुरंग बनाने या अपने घर को दुश्मनों से बचाने के लिए करता है. इसके पास कोई बंदूक या हथियार नहीं होता, बल्कि इसका बड़ा स्नैपर क्लॉ ही इसकी असली गन है, जो इसके आधे शरीर के बराबर बड़ा हो सकता है.

हालांकि, तेज आवाज पंजों के आपस में टकराने से नहीं निकलती. रिपोर्ट में लिखा है कि जब यह जीव अपना भारी-भरकम पंजा खोलता है, तो उसके छोटे हिस्से में पानी भर जाता है. इसके बाद जब यह बिजली की रफ्तार से पंजा बंद करता है, तो पिस्टन की तरह पानी बाहर फेंकता है और उसकी स्पीड हाईवे पर दौड़ने वाली कार जितनी होती है. इससे पानी में कैविटेशन नाम का बुलबुला बनता है जो रास्ते में आने वाली हर चीज को चकनाचूर कर देता है.

नेटफ्लिक्स पर है मूवी

हाउ स्टफ वर्क्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह जीव सेकंड वर्ल्ड वॉर के दौरान अमेरिकी नौसेना के सोनार (Sonar) सिस्टम को पूरी तरह कंफ्यूज कर चुका है, क्योंकि इसके पंजों की आवाज दुश्मन जहाजों का पता लगाने वाले रडार में भारी खलल डालती थी. इसकी यही अनोखी ताकत नेटफ्लिक्स की फिल्म 'प्रोजेक्ट पावर' में सुपरहीरो के रूप में भी दिखाई जा चुकी है. अब साइंटिस्ट इस जीव की नकल करके सूरज जैसी साफ-सुथरी एनर्जी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं.

नया हाथ उगाने की शक्ति

इस रिपोर्ट में यह भी लिखा है कि अगर लड़ाई में यह अपना बड़ा पंजा गंवा दे, तो यह सिर्फ नया पंजा ही नहीं उगाता, बल्कि इसका छोटा वाला पंजा खुद-ब-खुद बड़े और खतरनाक स्नैपर क्लॉ में तब्दील हो जाता है.

ये भी पढ़ें:- पहली बार भारतीय ट्रेन में चढ़ी नीदरलैंड की महिला, भीड़ देखकर घबराईं; बोलीं- 'आगरा से भगा देंगे'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shrimp, Bubble, World War 2, US Navy, Netflix
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com