विज्ञापन

सिंधु जल संधि पर 'हाथ काटने की धमकी' देने वाले पाकिस्तानी मंत्री के बदले सुर, मुसादिक बोले- "चर्चा करेंगे..."

पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद ने नई दिल्ली में सिंधु जल संधि पर चर्चा से इनकार किया और कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर बातचीत के लिए बुलाया नहीं गया है.

सिंधु जल संधि पर 'हाथ काटने की धमकी' देने वाले पाकिस्तानी मंत्री के बदले सुर, मुसादिक बोले- "चर्चा करेंगे..."
सिंधु जल संधि पर अपने ही बयानों से जुड़े सवालों से बचते नजर आए पाक‍िस्‍तानी मंत्री
  • पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने सिंधु जल संधि पर चर्चा के लिए बुलाए जाने की बात कही
  • पाक मंत्री ने कहा कि द्विपक्षीय बातचीत के लिए उन्हें भारत की ओर से कोई औपचारिक निमंत्रण नहीं मिला है
  • भारत ने जम्मू-कश्मीर के आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि को अप्रैल 2025 से स्थगित कर दिया था
नई दिल्‍ली:

दिल्‍ली आए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद ने आतंकवाद और सिंधु जल संधि जैसे महत्‍वपूर्ण विषयों पर किये गए सवालों पर कुछ नहीं कहा. पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने सिंधु जल संधि (आईडब्‍ल्‍यूटी) पर सवालों को टालते हुए कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर भारत के साथ चर्चा के लिए नहीं बुलाया गया है. मलिक ने कहा, "जब आप मुझे सिंधु जल संधि पर चर्चा के लिए बुलाएंगे, तब हम उस पर जरूर बात करेंगे." 

"जब आप मुझे सिंधु जल संधि पर चर्चा के लिए बुलाएंगे..."

पाक‍िस्‍तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक नई दिल्ली में एससीओ 'सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम' में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे थे. इस दौरान मसूद मलिक सिंधु जल संधि (आईडब्‍ल्‍यूटी) पर अपने पहले दिए गए बयानों से जुड़े पत्रकारों के सवालों को टालते हुए नजर आए. उन्होंने कहा, "जब आप मुझे सिंधु जल संधि पर चर्चा के लिए बुलाएंगे, तब हम उस पर जरूर बात करेंगे. इस समय आपने मुझे उस विषय पर बात करने के लिए आमंत्रित नहीं किया है."

हाथ काटने की दी थी धमकी...

जून में मलिक ने भारत के 1960 की सिंधु जल संधि को स्थगित करने के फैसले की आलोचना की थी. तब उन्होंने कहा था कि जो भी पाकिस्तान के हिस्से का पानी छीनने की कोशिश करेगा, उसका 'हाथ काट दिया जाएगा.' भारत-पाकिस्तान के द्विपक्षीय संबंधों पर पूछे गए सवाल पर मलिक ने कहा कि उन्हें भारत के साथ किसी भी द्विपक्षीय वार्ता के लिए नहीं बुलाया गया है. उन्होंने कहा, "मुझे एक बार भी द्विपक्षीय बातचीत के लिए नहीं बुलाया गया. जब इस दिशा में कोई औपचारिक कदम उठेगा, तब मैं उससे जुड़े सवालों का जवाब दूंगा. बिना किसी व्यवस्था के हम द्विपक्षीय मुद्दों पर कैसे चर्चा कर सकते हैं?"

क्‍या है सिंधु जल संधि विवाद?
 

मलिक ने कहा कि अगर भारत किसी खास मुद्दे पर बातचीत के लिए आमंत्रित करता है, तो वह चर्चा में शामिल होने के लिए तैयार हैं. उनके मुताबिक, "जब आप उन खास मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलाएंगे, मैं वहां मौजूद रहूंगा लेकिन पहले आपको निमंत्रण देना होगा. आप बताइए कि आप द्विपक्षीय बातचीत करना चाहते हैं, तब मैं जरूर शामिल होऊंगा." भारत ने अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया था. इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी. भारत ने कहा था कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देना विश्वसनीय और स्थायी रूप से बंद नहीं करता, तब तक संधि स्थगित रहेगी.

ये भी पढ़ें:- जहां हम अभी बैठे हैं...पाकिस्तान के मंत्री ने SCO समिट में सुनाई दिल्ली के पुराने किले की कहानी

इससे पहले शुक्रवार को भी मलिक ने पाकिस्तान की आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवालों से बचते हुए कहा था कि वह नई दिल्ली एक बहुपक्षीय मंच के लिए आए हैं और इतने बड़े मुद्दों पर द्विपक्षीय स्तर पर चर्चा नहीं करना चाहते. उन्होंने कहा, "मैं यहां एक बहुपक्षीय मंच में भाग लेने आया हूं और चाहता हूं कि यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक हो. ये मुद्दे बहुत व्यापक हैं. आपने हमारे पड़ोस में ईरान से जुड़े कुछ मुद्दे देखे हैं, मध्य एशिया में कई चुनौतियां हैं, अफगानिस्तान से जुड़े भी कई मामले हैं."

मलिक की यह यात्रा इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि 2023 में गोवा में हुई एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद यह किसी पाकिस्तानी मंत्री की भारत की पहली यात्रा है.

ये भी पढ़ें:- पाकिस्तान के मंत्री कर सकेंगे ताजमहल का दीदार, सरकार से परमिशन; पर एक ख्वाहिश रह जाएगी अधूरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indus Waters Treaty, Musadik Masood Malik, SCO Civilizational Dialogue Forum
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com