- पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को अब आगरा जाकर ताजमहल देखने की अनुमति मिल गई है.
- पहले सुरक्षा कारणों से मुसादिक मलिक को आगरा जाने की अनुमति नहीं दी गई थी.
- मुसादिक मलिक ने ताजमहल और हजरत निजामुद्दीन दरगाह जाने की इच्छा पहले जताई थी.
पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक अब आगरा जाकर ताजमहल का दीदार कर सकेंगे. क्योंकि उन्हें आगरा जाने की अनुमति मिल गई है, इससे पहले सुरक्षा कारणों से उन्हें अनुमति नहीं दी गई थी. जिसकी वजह से उनकी यात्रा लगातार सुर्खियों में हैं. उन्होंने आगरा का ताजमहल और दिल्ली की हजरत निजामुद्दीन दरगाह जाने की इच्छा जताई थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से उन्हें अनुमति नहीं दी गई थी. अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है, सुरक्षा जांच के बाद भारत सरकार ने मुसादिक मलिक को ताजमहल जाने की अनुमति दे दी है. अब वह नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारियों के साथ आगरा जाकर ताजमहल का दीदार करेंगे.
हालांकि उनकी राजस्थान के अजमेर स्थित निजामुद्दीन दरगाह जाने की उनकी गुजारिश अब भी ठुकरा दी गई है, यानी ताजमहल का रास्ता तो खुल गया है, लेकिन दरगाह जाने का रास्ता बंद ही है.
20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के दौरे पर हैं मंत्री
पाक मंत्री मुसादिक मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होने के लिए भारत आए हैं. यह कार्यक्रम दिल्ली के ऐतिहासिक पुराने किले में हो रहा है. इसका आयोजन संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की तरफ से किया जा रहा है. मलिक ने अपनी भारत यात्रा के दौरान आगरा के ताजमहल और दिल्ली की निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति मांगी थी, शुरुआत में भारत सरकार ने दोनों जगहों पर जाने से इनकार कर दिया था. उन्हें साफ बता दिया गया था कि उनका वीजा सिर्फ SCO कार्यक्रम तक सीमित है और इसके अलावा वह किसी दूसरी जगह नहीं जा सकेंगे. लेकिन अब सरकार ने उन्हें आगरा जाने की अनुमति दे दी है.
माना जा रहा है कि अनुमति मिलने के बाद वह आज या कल में आगरा का दौरा कर सकते हैं, क्योंकि उनकी यात्रा दो दिन की है. 22 नवंबर को वह वापस पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे. ऐसे में वह आज या कल में आगरा जा सकते हैं.
ये वीडियो भी देखिए
2023 के बाद पाक मंत्री का पहला दौरा
बता दें कि मुसादिक मलिक की यह यात्रा कई मायनों में अहम मानी जा रही है, साल 2023 में गोवा में आयोजित SCO बैठक में बिलावल भुट्टो जरदारी के शामिल होने के बाद यह पहली बार है जब पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत आया है. इतना ही नहीं, यह ऑपरेशन सिंदूर के बाद किसी पाकिस्तानी नेता की पहली भारत यात्रा भी है.
भारत ने 28 अक्टूबर को घोषणा की थी कि SCO के सभी सदस्य देशों को इस बैठक में शामिल होने का न्योता दिया गया है, इसमें पाकिस्तान भी शामिल था. इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने मुसादिक मलिक की भागीदारी की पुष्टि की थी. नई दिल्ली ने पहले पाकिस्तान के नेशनल हेरिटेज और कल्चर मंत्री औरंगजेब खान खिची को न्योता दिया था, लेकिन इस्लामाबाद ने उनकी जगह मलिक को भेजा है.
ये भी पढे़ंः हमारा रुख बिल्कुल स्पष्ट, कुछ नहीं बदला...सिंधु जल को लेकर भारत की पाकिस्तान को दो टूक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं