तीन कृषि कानूनों के विरोध में गणतंत्र दिवस के मौके पर किसानों की आज ट्रैक्टर रैली (Tractor Rally) हो रही है. दिए गए समय से पहले ही किसानों ने सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर बैरिकेड्स तोड़ दिए थे. किसान दिल्ली के आईटीओ और फिर लालकिला तक पहुंच गए. लालकिले के भीतर जाकर भी हंगामा हुआ. किसानों ने एक और झंडा फहराया. इससे पहले पुलिस ने इससे पहले दावा किया था कि दिल्ली आने वाले सभी बॉर्डर सील है, लेकिन किसानों का आंदोलन काबू से बाहर हो गया.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक- गाजीपुर बॉर्डर के पास किसानों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए हैं. उधर, अक्षरधाम नोएडा मोड़ के पास किसानों और पुलिस के बीच झड़प की खबरें आईं. कुछ जगहों से छिटपुट हिंसा की खबरें हैं. ट्रक समेत कुछ गाड़ियों में तोड़फोड़ की खबर भी है. मुबारका चौक पर हालात थोड़े खराब हुए हैं. इसके साथ ही टिकरी बॉर्डर के आगे नांगलोई में भी पुलिस बैरिकेड्स तोड़े गए हैं. पुलिस ने कई जगह बल प्रयोग भी किया. आंसू गैस के गोले छोड़े गए. ITO पर भी किसानों ने बवाल किया और इसके बाद वे लालकिले पर निकल गए. यहां एक नारेबाजी और एक अन्य झंडा फहराकर किसान वापस लौटने लगे.
ये भी बता दें कि जीटी करनाल रोड, आउटररिंग रोड, बादली रोड मधुबन चौक, नरेला रोड पर ट्रैफिक जाम है. इन रास्तों पर न निकलने की सलाह दी गई है. इसके साथ ही वजीराबाद रोड, आईएसबीटी रोड, पुश्ता रोड, विकास मार्ग, एनएच-24 रोड और नोएडा लिंक रोड पर भी भारी जाम लगा है.