विज्ञापन

मौसम फिर से मारेगा पलटी, पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बारिश, जानें IMD का अपडेट

एक तरफ जहां पहाड़ों पर बर्फबारी लौट सकती है, वहीं मैदानी इलाकों में बादल व हल्की बारिश के आसार है. देश के किस हिस्से में आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा, जानिए

मौसम फिर से मारेगा पलटी, पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बारिश, जानें IMD का अपडेट
नई दिल्ली:

जनवरी के शुरुआती दिनों में कड़ाके की ठंड के बाद पहाड़ों पर मौसम फिर करवट ले रहा है. अब एक बार फिर से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी लौट सकती है, जबकि मैदानी हिस्सों में तापमान थोड़ा बढ़ने के साथ बादल घिरेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की उम्मीद है. उत्तर भारत में ठंडी हवाएं दिन का पारा बहुत नीचे नहीं जाने देंगी, लेकिन मौसम सुहाना बना रहेगा. दक्षिण और तटीय इलाकों में फिलहाल बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा, बस कुछ जगह बादलों की आवाजाही रहेगी.

13 फरवरी से पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में हलचल बढ़ेगी. पश्चिमी हिमालयी राज्यों—जम्मू‑कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 फरवरी से एक बार फिर बर्फबारी और बारिश की संभावना बन रही है. यह बदलाव एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने के कारण होगा. हालांकि बर्फबारी बस ऊपरी इलाकों में ही दिखाई देगी. निचले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की गुंजाइश है. यात्रा करने वालों और हाईवे पर सफर करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह है.

ये भी पढ़ें : ठंड, गर्म और फिर ठंड! बारिश अभी बाकी है, मौसम लेने वाला है 'डबल फिरकी'

मैदानों में बादल घिरेंगे, कई राज्यों में हल्की बारिश

मैदानी इलाकों दिल्ली‑एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और कुछ पूर्वी हिस्सों में तापमान थोड़ा ऊपर गया है. लेकिन 17–18 फरवरी से इन राज्यों में बादल बढ़ने और हल्की बारिश होने के संकेत हैं. जहां देश की राजधानी दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. वहीं राजस्थान और हरियाणा के कुछ जिलों में छिटपुट बरसात है. पश्चिमी यूपी और एमपी में भी बारिश की हल्की गतिविधि है, बारिश भले तेज़ न हो, लेकिन हवा में ठंडक ज़रूर बढ़ेगी.

क्यों बदला मौसम? जानिए आसान भाषा में

  • उत्तर‑पश्चिम भारत में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आया
  • इसके पीछे दूसरे सिस्टम भी लाइन में हैं
  • हवाओं की दिशा बदलकर उत्तर/उत्तर‑पश्चिमी हो गई
  • पहाड़ों तक नमी पहुँचने से बर्फबारी के हालात बन रहे हैं
  • मैदानों में नमी और बादल हल्की बारिश का कारण बनेंगे
  • यह एक सामान्य फरवरी का पैटर्न है
  • पहाड़ों में बर्फ, मैदानों में ठंडी हवाएं और बीच‑बीच में फुहारें

ये भी पढ़ें : उफ्फ! फरवरी में ही मार्च जैसा मौसम, दिल्ली NCR में अभी से चुभने लगी गर्मी, एक हफ्ते और चढ़ेगा पारा 

तापमान में हल्की गिरावट फिर महसूस होगी

बीते कुछ दिनों में राजस्थान और हरियाणा में 30 डिग्री तक तापमान पहुंच गया था, हालांकि यह थोड़ा असामान्य जरूर है, लेकिन अब मौसम फिर से सामान्य पटरी पर लौटेगा. जहां दिन का तापमान 1–2°C गिर सकता है. वही रातें ठंडी ही रहेंगी. जबकि अब कड़ाके की ठंड नहीं लौटेगी, लेकिन सुहाना मौसम बना रहेगा.

दक्षिण भारत में अलग तस्वीर,  तमिलनाडु में भारी बारिश 

दक्षिण भारत में एक अलग सिस्टम सक्रिय है. समुद्र के ऊपर बने सर्कुलेशन के कारण 16 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना है. श्रीलंका में 15–16 फरवरी को बहुत तेज़ बारिश और अंडमान‑निकोबार में 15–17 फरवरी के बीच तेज गतिविधि दिख रही है. जबकि बाकी दक्षिण भारत के कर्नाटक, तेलंगाना, केरल में मौसम साफ रहेगा.

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में ज्यादा बदलाव नहीं

पूर्वोत्तर में अरुणाचल के कुछ ऊंचे इलाकों को छोड़ दें तो मेघालय, असम, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में मौसम ज़्यादातर साफ रहेगा. पूर्वी भारत बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल में भी मौसम शुष्क है, यहां भी हल्की ठंड बनी रहेगी.

अगले कुछ दिनों का देशव्यापी मौसम ट्रेंड

  • बर्फबारी: 13 से शुरू—J&K, लद्दाख, हिमाचल
  • बारिश (मैदान): 17–18 फरवरी—दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, यूपी, एमपी
  • दक्षिण: 16 को तमिलनाडु में भारी बारिश
  • अंडमान: 15–17 फरवरी तेज़ बारिश
  • तापमान: उत्तरी और मध्य भारत में हल्की गिरावट
  • सर्दी: कड़ाके की नहीं, लेकिन सुहाना मौसम
लेखक के बारे में
img
पीयूष जयजान
Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Update, Fresh Snowfall In Hills, Rain Likely In Plains, Temperature Rise, Western Disturbance, Delhi NCR Rain, North India Weather, Himachal Snowfall, Jammu Kashmir Snowfall, Madhya Pradesh Rain, Haryana Rajasthan Weather, Andaman Nicobar Rain, Tamil Nadu Heavy Rain
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com