- भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पहले नाराज और उपेक्षित कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है
- 35 वरिष्ठ नेताओं को विधानसभा वार जिम्मेदारी दी गई है, जो कई विधानसभा क्षेत्रों में संवाद करेंगे
- नेताओं का मकसद कार्यकर्ताओं की नाराजगी, समस्याएं और शिकायतें सुनकर संगठन को मजबूत बनाना है
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा एक्टिव हो गई है. जमीनी फीडबैक में जानकारी मिली है कि कुछ कार्यकर्ता उपेक्षित महसूस कर रहे हैं और नाराज हैं. ऐसे में इन लोगों को चुनाव से पहले मनाने की तैयारी है. इसके लिए नेतृत्व की ओर से कुछ नेताओं को ही जमीन पर उतारने का फैसला हुआ है. इसके तहत ये नेता मंडल स्तर तक जाएंगे और पूर्व कार्यकर्ताओं या फिर नाराज लोगों से मुलाकात करेंगे. उनकी चिंताओं को समझेंगे और उन्हें अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा. कोशिश रहेगी कि घर-घर पहुंचा जाए और पुराने कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया जाए.
भाजपा ने 35 वरिष्ठ नेताओं को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है. इन नेताओं को विधानसभा वार जिम्मेदारी दी गई है. किसी नेता को 10 तो किसी को 15 विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी मिली है. इस अभियान के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में मंडल, ब्लॉक और विधानसभा स्तर के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद किया जाएगा. प्रत्येक स्तर के नेताओं को बुलाकर करीब दो-दो घंटे तक उनकी बात सुनी जाएगी. उनकी नाराजगी, समस्याओं और संगठन से जुड़ी शिकायतों को दर्ज किया जाएगा. इन बैठकों में सामने आने वाली समस्याओं और कार्यकर्ताओं की नाराजगी की रिपोर्ट प्रदेश प्रभारी को सौंपी जाएगी.
इसके साथ ही समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव भी दिए जाएंगे. बीजेपी की इस कवायद का मकसद चुनाव से पहले संगठन के भीतर नाराजगी दूर करना, पुराने और रूठे हुए नेताओं को फिर से सक्रिय करना और सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट कर चुनावी मैदान में उतारना है. बता दें कि भाजपा में इस बात को लेकर चिंता है कि लगातार 10 सालों से राज्य और 12 सालों से केंद्र में सरकार होने के चलते कार्यकर्ता सुस्त न पड़ जाएं. ऐसे में संगठन से लेकर सरकार तक बैठकों का दौर जारी है और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं