विज्ञापन

TMC को एक और झटका, सुष्मिता देव का राज्यसभा सीट से इस्तीफा, पार्टी भी छोड़ी

TMC को एक और झटका, राज्यसभा सांसद सुष्मिता देब का पार्टी से इस्तीफा. इससे पहले वरिष्ठ राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर राय ने भी सांसद पद से इस्तीफा दे दिया था.

TMC को एक और झटका, सुष्मिता देव का राज्यसभा सीट से इस्तीफा, पार्टी भी छोड़ी
सुष्मिता देव और असम के सीएम हिमंता सरमा (फोटो- NDTV)
  • टीएमसी को एक और बड़ा झटका लगा, राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने दिया इस्तीफा
  • इससे पहले सुखेंदु शेखर राय ने भी पार्टी और सांसदी से दिया था इस्तीफा
  • टीएमसी के 58 विधायक भी राज्य में बागी हो चुके हैं

ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी को बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद झटका पर झटका लग रहा है. कुछ दिन पहले वरिष्ठ राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर राय ने सांसदी छोड़ दी थी और अब सुष्मिता देव ने भी राज्यसभा सीट से इस्तीफा दे दिया है. बता दें कि राज्य चुनाव में हार के बाद टीएमसी के 80 में से 58 विधायक भी विरोधी गुट बना चुके हैं. सुष्मिता देव ने अपना एक्स का बायो भी बदल लिया है. वहां उन्होंने खुद को पूर्व लोकसभा सांसद और पूर्व राज्यसभा सांसद लिख दिया है. 

टीएमसी में मचा भूचाल 

गौरतलब है कि ममता बनर्जी ने कल ही सोनिया गांधी से मुलाकात की है. ममता पार्टी में टूट रोकने के लिए हरसंभव कोशिश में जुटी हुई हैं लेकिन एक-एक करके उनके साथी साथ छोड़ रहे हैं. कुछ दिन पहले ही लोकसभा सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने टीएमसी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने दावा किया था कि उनके पास टीएमसी के 28 सांसदों में से 20 का समर्थन हासिल है. गौरतलब है कि दलबदल कानून से बचने के लिए विरोधी गुट को 19 सांसदों की जरूरत है. 

सुष्मिता देव ने एक्स पर बायो बदला

सुष्मिता देव ने एक्स पर बायो बदला

राज्यसभा चेयरमैन को भेजा इस्तीफा 

गौरतलब है कि सुष्मिता देव एक वक्त पूर्व सीएम ममता बनर्जी की बेहद खास हुआ करती थीं. लेकिन अब सुष्मिता देब ने अपने पद से ही इस्तीफा दे दिया है. राज्यसभा के चेयरमैन सीपी राधाकृष्ण को लिखे पत्र में सुष्मिता देव ने कहा है कि मैं राज्यसभा की सदस्य पद से इस्तीफा देता हूं. आपसे इसे तुरंत स्वीकार करने का आग्रह करती हूं. 

हिमंता से मिलीं सुष्मिता 

सुष्मिता देव ने कांग्रेस छोड़कर 2021 में टीएमसी का दामन थामा था. वो कांग्रेस में ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की चीफ हुआ करती थीं. वो असम की सिलचर लोकसभा सीट से सांसद रह चुकी हैं. अब सुष्मिता देव का असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा से मिलने की तस्वीर आ गई है. इस तस्वीर के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या सुष्मिता देव बीजेपी में शामिल होने वाली हैं. हालांकि, अभी दोनों तरफ से ऐसा कोई बयान नहीं आया है. 
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mamata Banarjee, Sushmita Dev, Bengal  BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com