देश इस बार 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले के प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करने जा रहे हैं. हर बार यह दिन प्रत्येक देशवासी के लिए खास होता है, लेकिन इस बार अपनी थीम की वजह से भी स्वतंत्रता दिवस याद रखा जाएगा.
वंदे मातरम के 150 साल
असल में, इस बार राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्' को 150 वर्ष पूरे हो गए हैं. स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर इसका गायन होना है. इसके अलावा, 5,000 से भी ज्यादा विशेष अतिथियों को आमंत्रण भेजा गया है. इस साल स्वतंत्रता दिवस की थीम युवा शक्ति को समर्पित है. 2047 के लिए युवा शक्ति के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आगे की दिशा दिखाने वाले हैं.
निमंत्रण किसे दिया गया?
केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथमेटिक्स, ओलंपियाड 2026 में पदक जीतने वाले युवाओं को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है. बताया जा रहा है कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने की वर्षगांठ मनाने के लिए एनसीसी के 2,500 कैडेट्स मिलकर लाल किले पर एक खास आकृति बनाने वाले हैं.
वायुसेना क्या करने वाली है?
इसके अलावा, भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर के जरिए वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने की खुशी में लाल किले पर पुष्प वर्षा की जाएगी. यह हेलीकॉप्टर ‘वंदे मातरम्' का एक बैनर भी अपने साथ लेकर उड़ान भरेगा.
इस बार जिन मेहमानों को स्वतंत्रता दिवस पर बुलाया गया है, उनमें राष्ट्रीय योग दिवस के वॉलंटियर्स, पीएम मुद्रा योजना के तहत महिला उद्यमी, वैज्ञानिक और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कई युवा शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- आखिरी 48 घंटों में महात्मा गांधी ने क्या लिखा, क्या कहा?
इस बार की थीम भी ज्यादा महत्वपूर्ण है, क्योंकि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई इस बात का ऐलान कर चुके हैं. 2047 में ही भारत अपनी आजादी के 100 साल भी पूरे कर लेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं