विज्ञापन

झंडा कितनी देर में फहराया या उतारा जाता है, उसे कैसे लपेटा जाता है?

तिरंगा फहराते और उतारते समय कुछ जरूरी नियमों का ध्यान रखना होता है. जानिए झंडा कितनी देर में फहराया और उतारा जाता है और इसे उतारने के बाद कैसे लपेटना चाहिए.

झंडा कितनी देर में फहराया या उतारा जाता है, उसे कैसे लपेटा जाता है?
झंडा फहराने के नियम

15 अगस्त या 26 जनवरी पर जब तिरंगा फहराया जाता है, तो पूरा माहौल देशभक्ति से भर जाता है. स्कूल से लेकर ऑफिस और घरों तक लोग तिरंगे के साथ इस खास दिन को सेलिब्रेट करते हैं. लेकिन तिरंगा फहराने और उतारने का भी एक सही तरीका होता है. इसे मनमाने तरीके से ऊपर या नीचे नहीं किया जाता. इतना ही नहीं, झंडा उतारने के बाद इसे मोड़ने का भी खास तरीका है. अगर आप भी हर साल तिरंगा फहराते हैं, तो इन जरूरी बातों को जानना आपके लिए काफी काम का है.

झंडा कितनी देर में फहराया जाता है

भारतीय झंडा संहिता के मुताबिक तिरंगे को फहराते समय उसे तेजी से ऊपर ले जाना चाहिए. वहीं झंडा उतारते समय इसे धीरे-धीरे नीचे किया जाता है. यानी तिरंगे को ऊपर ले जाने और नीचे करने की स्पीड एक जैसी नहीं होती. अगर झंडा फहराने के समय बिगुल बजाया जा रहा है, तो झंडा फहराने और बिगुल की आवाज के बीच सही तालमेल रखा जाता है. ध्यान देने वाली बात ये है कि नियमों में तिरंगे को फहराने के लिए 10 या 20 सेकंड जैसा कोई तय समय नहीं दिया गया है. जरूरी ये है कि झंडा सम्मान के साथ सही तरीके से फहराया और उतारा जाए.

तिरंगा कितनी देर तक फहरा सकते हैं

घर पर लगाए गए तिरंगे को अब दिन और रात दोनों समय फहराया जा सकता है. हालांकि इसे सही जगह और सही तरीके से लगाना जरूरी है. तिरंगे को जमीन, फर्श या पानी को छूने नहीं देना चाहिए. झंडे पर कुछ लिखना या उसे किसी दूसरे कपड़े की तरह इस्तेमाल करना भी सही नहीं है.

झंडा उतारने के बाद कैसे लपेटें

तिरंगा उतारने के बाद सबसे जरूरी बात है कि इसे जमीन पर न रखा जाए. इसे दोनों हाथों से सम्मान के साथ संभालना चाहिए. झंडे को पहले सीधा रखें और फिर इस तरह मोड़ें कि केसरिया और हरे रंग की पट्टियां सफेद पट्टी के नीचे आ जाएं. इसके बाद सफेद पट्टी को इस तरह मोड़ा जाता है कि अशोक चक्र के साथ केसरिया और हरे रंग का कुछ हिस्सा दिखाई देता रहे. इस तरह मोड़ा हुआ तिरंगा सुरक्षित जगह पर रखा जाता है.

तिरंगे के सम्मान का रखें ध्यान

तिरंगे को फहराना जितना गर्व की बात है, उसे सही तरीके से उतारना और संभालना भी उतना ही जरूरी है. इसलिए अगली बार जब आप 15 अगस्त या किसी दूसरे राष्ट्रीय मौके पर तिरंगा फहराएं, तो सिर्फ उसे ऊपर पहुंचाने पर ध्यान न दें. उसे उतारने और लपेटने का सही तरीका भी जरूर याद रखें.

ये भी पढ़ें - झंडा फहराने का क्या है सही तरीका, गलत तरीके से फहराया तो क्या होगा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Independence Day 2026, Tiranga Niyam, Flag Rules, Flag Rules In India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com