- तेलंगाना के सूर्यपेट में डिवाइडर के टकराने से भीषण कार हादसा हो गया.
- कार में सवार न्यूरोसर्जन की जिंदा जलकर मौत हो गई.
- पुलिस को शक है कि ड्राइवर को नींद आने से हादसा हुआ.
तेलंगाना के सूर्यपेट में एक भीषण सड़क हादसे की जानकारी सामने आई है. रविवार सुबह सूर्यपेट जिले में एक न्यूरोसर्जन अपनी कार से हैदराबाद लौट रहे थे, तभी उनकी कार हादसे का शिकार हो गई. सड़क हादसा कार के डिवाइडर से टकराने से हुआ. डिवाइडर से टकराने के बाद कार में आग भड़क उठी. इसके बाद, न्यूरोसर्जन की अपनी ही वोल्वो कार में जलने से मौत हो गई. यह हादसा सुबह करीब 7:15 बजे सूर्यपेट में खम्मम-हैदराबाद हाईवे पर पिल्लालमारी के पास हुआ. जानकारी के मुताबिक, कार का संतुलन बिगड़ा और वह डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई. आग से गाड़ी पूरी तरह जल गई.
अब तक क्या पता चला है?
व्हीकल के रजिस्ट्रेशन नंबर से पीड़ित की पहचान खम्मम के ममता हॉस्पिटल से जुड़े न्यूरोसर्जन कसाकुर्ती जगदीश के तौर पर हुई है. वह अपने परिवार से मिलने के लिए खम्मम से हैदराबाद जा रहे थे.
शुरुआती जांच से पता चलता है कि इस हादसे के पीछे की वजह कार ड्राइवर के नींद में होना हो सकता है. हालांकि, हादसे की असल वजह अब भी सामने नहीं आई है. मामले में जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: मुंबई में फ्लाईओवर से गिरी तेज रफ्तार BMW कार, 3 लोगों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. फॉरेंसिक टीम ने जले हुए अवशेषों को इकट्ठा करके सुरक्षित अपने पास रख लिया है. मामले में आगे की जांच की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं