- तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर अनिश्चितता के बीच TVK समर्थक राज्यपाल से विजय को शपथ दिलाने की मांग कर रहे हैं
- एक समर्थक ने मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग को लेकर खुद को आग लगा ली, इसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गया
- सेवानिवृत्त IPS ने राज्यपाल के विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच अब विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में रोष बढ़ता जा रहा है. वो राज्यपाल से जल्द से जल्द विजय को शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित करने की मांग को लेकर जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं एक समर्थक ने तो विजय को सीएम बनाए जाने की मांग को लेकर खुद को आग लगा ली.
40 साल के इसक्कियप्पन इस घटना में गंभीर रूप से झुलस गए. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा तमिलनाडु में सरकार गठन का मामला
इधर तमिलनाडु में सरकार गठन का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है. सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी रामासुब्रमणि ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है. उन्होंने तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर द्वारा टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने से इनकार करने को चुनौती दी है.

याचिकाकर्ता ने सरकारिया आयोग की रिपोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला दिया है, जिनमें एस. आर. बोम्मई बनाम भारत संघ, रामेश्वर प्रसाद, जी. परमेश्वर और शिवसेना मामले शामिल हैं. इसमें कहा गया है कि बहुमत का परीक्षण केवल सदन के पटल पर होना चाहिए, न कि राज्यपाल की "व्यक्तिगत संतुष्टि" पर.
याचिका में सुप्रीम कोर्ट से राज्यपाल को निर्देश देने की मांग की गई है कि सबसे बड़ी पार्टी टीवीके को, निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना दावा पेश करने और बहुमत साबित करने की अनुमति दी जाए.

सरकार गठन पर गतिरोध के बीच विजय के घर के बाहर जुटे समर्थक
इससे पहले बड़ी संख्या में टीवीके के कार्यकर्ता और समर्थक विजय के नीलांगरई स्थित आवास के बाहर जुट गए और अभिनेता से नेता बने विजय को मुख्यमंत्री बताते हुए नारे लगाने लगे. कई समर्थक टीवीके की “यूनिफॉर्म” मानी जा रही मटमैली रंग की पतलून और सफेद कमीज में नजर आए, जिसे विजय राजनीति में आने के बाद से पहनते रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: तमिलनाडु में VCK ने TVK को दिया समर्थन पत्र, NDTV के पास पहली तस्वीर

ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में विजय सरकार का रास्ता साफ! VCK ने बगैर किसी शर्त के TVK को समर्थन देने की कही बात
वहीं, आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले से 12 पादरियों का एक प्रतिनिधिमंडल पनैयूर स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचा और विजय के लिए प्रार्थना की. समूह का नेतृत्व कर रहे पादरी स्टेनली थॉमस ने कहा, “हम पश्चिम गोदावरी से विजय सर से मिलने और उन्हें आशीर्वाद देने के लिए आए हैं.” प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह यात्रा तमिलनाडु से बाहर भी विजय की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है.
भीड़ बढ़ने के साथ स्थानीय पुलिस और निजी सुरक्षाकर्मियों को व्यवस्था बनाए रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. कुछ कार्यकर्ताओं ने अपने नेता से मिलने के लिए बैरियर तोड़ने की कोशिश की, जबकि अन्य ने संयम बरतने की अपील की.
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में मौजूदा राजनीतिक हालात के बीच प्रमोद महाजन का ये पुराना भाषण क्यों हो रहा वायरल?
इसे भी पढ़ें: सिनेमा में नायक तो राजनीति में 'जन नायक' बने विजय की पार्टी TVK का क्या है मतलब, क्या है इसकी आइडियोलॉजी?
इसे भी पढ़ें: दशकों में पहली बार... अभिनेता से नेता और अब CM तक का सफर, आंकड़ों में समझें कितनी बड़ी है विजय की विक्ट्री
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं