विज्ञापन

दिल्ली-एनसीआर में पैर पसार रहा स्वाइन फ्लू; नोएडा में H1N1 के 120 केस, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी बढ़े मरीज

दिल्ली-एनसीआर में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. नोएडा में 15 सक्रिय मरीजों के साथ कुल मामलों की संख्या 120 के करीब पहुंच चुकी है, जबकि गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी नए केस सामने आए हैं.

दिल्ली-एनसीआर में पैर पसार रहा स्वाइन फ्लू; नोएडा में H1N1 के 120 केस, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी बढ़े मरीज
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ रहे H1N1 संक्रमण के मामले; सर्दी-खांसी और बुखार पर कराएं जांच
नोएडा / गाजियाबाद / फरीदाबाद:

दिल्ली-एनसीआर में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है. नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में लगातार नए मामले सामने आ रहे हैं, जिसके बाद निगरानी और रोकथाम के उपाय तेज कर दिए गए हैं. नोएडा में 15 सक्रिय मरीजों का इलाज जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में चल रहा है. वहीं गाजियाबाद में सात और फरीदाबाद में छह मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है. स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से भीड़-भाड़ वाले स्थानों से बचने, मास्क पहनने और फ्लू जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी है.

नोएडा में 15 एक्टिव मरीज, कुल मामले 120 के करीब

गौतमबुद्ध नगर में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है. जिले में सामने आए मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है. गौतमबुद्ध नगर के सीएमओ डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने कहा, "स्वाइन फ्लू के करीब 120 मामले आए हुए हैं. इससे बचने के लिए आदमी को क्या है? खांसते या छींकते वक्त अपने नाक पर, मुंह पर टिशू या रुमाल रखें, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर न जाएं... क्या न करें? भीड़-भाड़ वाले इलाकों में न जाएं, बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा न लें. इसमें ऐसा है कि इसके लिए सरकार बहुत सतर्क है, हमारे यहां 20 बेड आईसीयू के हैं... सारी दवाइयां उपलब्ध हैं." स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को संक्रमण के प्रति जागरूक रहने और किसी भी तरह के फ्लू के लक्षण दिखने पर जांच कराने की सलाह दी है.

गाजियाबाद में 7 मामलों की पुष्टि

गाजियाबाद में अब तक स्वाइन फ्लू के सात मामले दर्ज किए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य है. चार मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि तीन मरीज घर पर रहकर उपचार ले रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार इन मरीजों की निगरानी कर रही है. इन दिनों सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में भी सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है. रोजाना 200 से अधिक लोग इन शिकायतों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं. NDTV से बात करते हुए सीएमओ डॉ. सचिन वैश्य के मुताबिक H1N1 सामान्य फ्लू की तरह फैलने वाला संक्रमण है और इससे घबराने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि विभाग ‘थ्री-टी' यानी ट्रैकिंग, ट्रेसिंग और ट्रीटमेंट की रणनीति के तहत काम कर रहा है.

फरीदाबाद में भी बढ़ी सतर्कता

हरियाणा के फरीदाबाद जिले में स्वाइन फ्लू के छह मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि बुखार, खांसी, गले में दर्द, शरीर में दर्द या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें. साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता और व्यक्तिगत सुरक्षा उपायों का पालन करें.

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी सलाह में लोगों से कहा गया है कि:

  • खांसते और छींकते समय मुंह और नाक को रुमाल या टिशू से ढकें.
  • बार-बार साबुन से हाथ धोएं.
  • भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें.
  • जरूरत पड़ने पर मास्क का उपयोग करें.
  • बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न लें.
  • फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें.

संक्रमण रोकने पर फोकस

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन बढ़ते मामलों को देखते हुए निगरानी, जांच और उपचार की व्यवस्था मजबूत की गई है. अधिकारियों के अनुसार अस्पतालों में आवश्यक दवाएं, आइसोलेशन सुविधाएं और आईसीयू बेड उपलब्ध हैं. विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर संक्रमण की श्रृंखला तोड़ने पर जोर दे रहा है.

यह भी पढ़ें : दिल्ली में स्वाइन फ्लू के 2300 से ज्यादा केस, स्कूली बच्चों को मास्क लगाने की सलाह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Swine Flu, H1N1 Virus, Swine Flu Cases, Delhi NCR Healthcare, Swine Flu Advisory
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com