इंडिया गॉट लेटेंट शो से चर्चा में आए कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर समय रैना ने असम में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये का योगदान दिया है. इस सहयोग के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया के जरिए उनका धन्यवाद किया.
सीएम ने किया धन्यवाद
समय रैना के योगदान पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा,"असम के इस कठिन समय में, हमारी राहत कार्यों में योगदान करने के लिए धन्यवाद, समय!" मुख्यमंत्री का यह संदेश तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग भी समय रैना के इस कदम की सराहना कर रहे हैं.
भारी बारिश और बाढ़ से तबाही
असम इस समय भीषण बाढ़ की मार झेल रहा है. लगातार बारिश और नदियों के उफान के कारण राज्य के कई जिले प्रभावित हुए हैं. बाढ़ से अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है और लगभग 13 जिलों में लाखों लोग प्रभावित हैं. सैकड़ों गांव जलमग्न हुए हैं जबकि हजारों लोगों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है. बाढ़ के कारण घर, सड़कें, पुल और खेती की जमीन को भी भारी नुकसान पहुंचा है. हजारों परिवार अभी भी सामान्य जीवन में लौटने की कोशिश कर रहे हैं.
असम के इस कठिन समय में, हमारी राहत कार्यों में योगदान करने के लिए धन्यवाद, समय! https://t.co/NL3MwR2tEx
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) August 8, 2026
देशभर से मिल रही मदद
असम में राहत और पुनर्वास कार्य लगातार जारी हैं. सरकार प्रभावित लोगों तक भोजन, दवाइयां और अन्य जरूरी सामग्री पहुंचाने में जुटी है. ऐसे समय में देशभर से कई लोग और नामचीन हस्तियां मदद के लिए आगे आ रही हैं. कोई राहत सामग्री पहुंचा रहा है तो कोई आर्थिक सहायता देकर प्रभावित परिवारों की मदद कर रहा है. समय रैना का यह योगदान भी उन्हीं प्रयासों का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे बाढ़ पीड़ितों तक राहत पहुंचाने में सरकार और प्रशासन को मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में भारी बारिश से हुआ जलभराव तो GK-2 की सड़कों पर 'राफ्टिंग' करने लगे लोग, वायरल हुआ वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं