New Delhi: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर 12 सेकंड का एक वीडियो तेजी से ट्रेंड कर रहा है, जिसमें एक शख्स जलभराव वाली सड़क पर मजे से राफ्टिंग करता नजर आ रहा है. श्री खंडेलवाल नाम के शख्स ने इस वीडियो को अपने अकाउंट से शेयर करते हुए दावा किया है कि ये देश की राजधानी दिल्ली के सबसे पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश का है. वे कहते हैं, 'इस एरिया में रहने वाले सभी लोग अमीर हैं और लाखों-करोड़ों में टैक्स भरते हैं. लेकिन बारिश के मौसम में यहां की भी सड़कें पानी में डूब जाती हैं और गाड़ियां नावों में बदल जाती हैं.'
वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल वीडियो में एक शख्स हाथ में चप्पू पकड़े आराम से रबड़ बोट में लेटा हुआ नजर आ रहा है. उसके आस-पास 4 लोग और नजर आ रहे हैं, जिन्होंने पानी से बचने के लिए अपनी जींस ऊपर मोड़ रखी है. ये सभी मिलकर राफ्ट को धक्का देकर आगे बढ़ा रहे हैं. धक्का देने वाले एक शख्स के हाथ में दूसरा चप्पू भी नजर आ रहा है. वीडियो बनाने वाला शख्स हंसते हुए कह रहा है- आज तो बोट निकल आई GK-2 में.
सरकार पर तंज कस रहे लोग
शुक्रवार को पोस्ट किए गए इस वीडियो को खबर लिखे जाने तक 3.5 लाख लोग देख चके हैं और 5500 लोगों ने इसे पसंद किया है. इस वीडियो को देखने के बाद लोग कमेंट बॉक्स में 'ग्रेटर कैलाश' को 'गटर कैलाश' लिख रहे हैं. जबकि कुछ लोग दिल्ली सरकार पर तंज कसते हुए कह रहे हैं कि सरकार ने शहर के हर इलाके में वाटर पार्क बनवाकर बहुत अच्छा काम किया है. अब हमें वाटर पार्क घूमने के लिए अतिरिक्त समय और पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा.
कल बारिश ने तोड़ा 15 साल का रिकॉर्ड
बताते चलें कि दिल्ली में शुक्रवार को हुई बारिश ने पिछले 15 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़े बताते हैं कि सबसे ज्यादा बारिश दक्षिणी दिल्ली के पुष्प विहार में 111.5 मिमी और छतरपुर में 104.5 मिमी हुई. इसके अलावा आया नगर में 87.4 मिमी और पालम में 73.5 मिमी में भी भारी जलभराव देखने को मिला. इसका असर दिल्ली से सटे NCR में भी देखने को मिला, जहां जलभराव के कारण लोगों को दफ्तर से वापस घर लौटते वक्त भारी जाम और जलभराव का सामना करना पड़ा.
ये भी पढ़ें:- चीन दे रहा 'आराम' से लेटकर बादल देखने की नौकरी, Gen Z को हर महीने मिलेगी 8.5 लाख रुपये की सैलरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं