- धीरेंद्र शास्त्री की कथाएं उत्तर प्रदेश के कुंडा, गोंडा, आगरा, झांसी, लखनऊ और वृंदावन में आयोजित हो रही हैं
- कुंडा में हुई कथा के दौरान कई बड़े नेता मौजूद थे, जिससे शक्ति प्रदर्शन और चुनावी रणनीति के संकेत मिले हैं
- बिहार और बंगाल जैसे राज्यों में भी उनकी कथाओं का प्रभाव देखा गया, जहां उन्होंने बड़े जनसमूहों को आकर्षित किया
बाबा बागेश्वर के नाम से मशहूर हुए कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथाएं इन दिनों यूपी में काफी ज्यादा हो रही हैं. हाल ही में उनकी कुंडा में कथा हुई थी, जिसकी बहुत चर्चा रही. इसके आयोजक कुंडा विधायक राजा भैया थे तो वहीं मंच पर बृजभूषण शरण सिंह, धनंजय सिंह, कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय, विधायक अदिति सिंह, सुशील सिंह और अभय सिंह समेत तमाम नेता पहुंचे. इस तरह कथा के बहाने शक्ति प्रदर्शन हुआ और चुनावी माहौल जोड़ने की कवायद भी इसे माना जा रहा है. यही नहीं कुंडा के बाद अब उनकी कथाएं गोंडा, आगरा, मथुरा जैसे शहरों में भी आयोजित होनी हैं. ऐसे में उनकी कथाओं को चुनावी प्रचार से पहले माहौल बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
यही नहीं बंगाल और बिहार जैसे राज्यों में धीरेंद्र कृष्ण की कथाओं और उसके प्रभाव की भी चर्चा हो रही है. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का सोशल मीडिया पर भी बड़ा प्रभाव है और फैन फॉलोइंग भी है. ऐसे में उनकी कही बातों और उन पर हुए विवादों का भी अपना असर रहता है और कई बार ध्रुवीकरण की वजह बनता है. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने मंचों से हिंदू राष्ट्र के निर्माण और धर्म परिवर्तन (धर्मांतरण) जैसे संवेदनशील व ज्वलंत मुद्दों को मुखरता से उठाकर उन्होंने एक व्यापक सामाजिक-राजनीतिक विमर्श खड़ा किया है.
पंजाब और हरियाणा में डेरों या देश के अन्य हिस्सों में प्रभावशाली धार्मिक नेताओं का मतदान व्यवहार पर सीधा असर देखा जाता है. उसी तर्ज पर बाबा बागेश्वर के कार्यक्रमों में उमड़ने वाला हजारों-लाखों का जनसैलाब चुनावी गणित को प्रभावित करने की क्षमता रखता है. राजनीतिक रूप से देश के सबसे महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश में नवंबर और दिसंबर 2026 के दौरान बाबा बागेश्वर के कई बड़े आयोजन प्रस्तावित हैं. कुंडा के बाद अब वह गोंडा जाएंगे तो वहीं 11 से 13 दिसंबर को झांसी और फिर 17 से 19 के दौरान वृंदावन जाएंगे. लखनऊ में भी वह 21 से 25 दिसंबर तक कथा करेंगे. फिर आगरा में भी उनकी एक कथा है. यही नहीं आगे चलकर कुछ और कथाएं भी हो सकती हैं.
कथा वाले जिलों में किसका कहां है असर
अब बात उन जिलों की कर लेते हैं, जहां धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथाएं होनी हैं या हो चुकी हैं. जिन सात प्रमुख क्षेत्रों में धीरेंद्र शास्त्री की कथाएं प्रस्तावित हैं, वहां 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे दिलचस्प राजनीतिक तस्वीर पेश करते हैं. जहां मथुरा, गोंडा, झांसी, लखनऊ और आगरा जैसे गढ़ों में भाजपा की मजबूत पकड़ रही है, वहीं अंबेडकरनगर में सपा का दबदबा है, तो प्रतापगढ़ में राजा भैया के जनसत्ता दल का प्रभाव है.
बिहार में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री फैक्टर का क्या हुआ था?
नवंबर 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक एक साल पहले से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथाएं शुरू हुई थीं. मार्च 2025 में गोपालगंज, मई 2025 में मुजफ्फरपुर, जुलाई 2025 में पटना के गांधी मैदान में भव्य हनुमंत कथा और सितंबर 2025 में गयाजी में प्रवास था. 2020 और 2025 के विधानसभा परिणामों की तुलना इन चारों जिलों में एनडीए के पक्ष में स्पष्ट बढ़त थी. इसे कुछ लोग बाबा बागेश्वर के प्रभाव से भी जोड़ते हैं. वहीं बंगाल में भी चुनाव से पहले धीरेंद्र शास्त्री की सक्रियता ने चर्चा बटोरी थी. सितंबर 2025 में कोलकाता हवाई अड्डे पर हजारों भक्तों द्वारा उनके भव्य स्वागत के बाद दिसंबर 2025 में कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड ग्राउंड में 5 लाख लोगों ने एक साथ गीता पाठ कर नया कीर्तिमान रचा था.
सोशल मीडिया पर कितना असर रखते हैं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की लोकप्रियता का अंदाजा उनके डिजिटल फुटप्रिंट से लगाया जा सकता है. 18 नवंबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके करोड़ों समर्थक सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं. यूट्यूब पर उनके 1.23 करोड़ सबस्क्राइबर्स हैं. फेसबुक पर 1.7 करोड़ सबस्क्राइबर्स हैं. इंस्टाग्राम पर 46 लाख सबस्क्राइबर हैं. यही नहीं एक्स पर भी दो लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं. इस तरह बाबा बागेश्वर सोशल मीडिया की दुनिया में भी बड़ा दखल रखते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं