विज्ञापन

NDTV UP 2.0: 'एक्सप्रेसवे और हाईवे ने गांव से निवेश तक को दी नई रफ्तार', यूपी सरकार के मंत्री संजय गंगवार बोले

एनडीटीवी के खास कार्यक्रम 'उत्तर प्रदेश 2.0: गांव की रफ्तार' में यूपी सरकार के गन्ना विकास राज्य मंत्री संजय गंगवार ने कहा कि प्रदेश में सड़क और एक्सप्रेसवे नेटवर्क के विस्तार ने विकास को नई दिशा दी है.

यूपी सरकार के गन्ना विकास राज्य मंत्री संजय गंगवार
NDTV

उत्तर प्रदेश में सड़क और एक्सप्रेसवे नेटवर्क के विस्तार को सरकार अपनी बड़ी उपलब्धियों में गिन रही है. सड़क कनेक्टिविटी से लेकर गन्ना किसानों जैसे मुद्दों पर एनडीटीवी ने 'उत्तर प्रदेश 2.0 गांव की रफ्तार' का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में यूपी सरकार के गन्ना विकास राज्य मंत्री संजय गंगवार शामिल हुए. उन्होंने कहा कि यूपी में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी ने न केवल यात्राओं को आसान बनाया है, बल्कि निवेश, रोजगार और ग्रामीण विकास को भी नई गति दी है.

दिसंबर 2016 में उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों की कुल लंबाई 8,487 किलोमीटर थी, जो दिसंबर 2025 तक बढ़कर 12,134 किलोमीटर हो गई. यानी करीब नौ वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में लगभग 43 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई. वहीं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2014 से अब तक प्रदेश में 35,542 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया गया है.

यूपी सरकार के मंत्री संजय गंगवार ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और बरेली-मथुरा हाईवे जैसी परियोजनाओं ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत किया है. इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच आसान हुई है और किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिली है.

उन्होंने कहा कि विकास की धुरी सड़क कनेक्टिविटी होती है. जब सड़कें बेहतर होती हैं तो निवेश आता है, रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और राज्य का चहुंमुखी विकास होता है. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के लगभग सभी गांवों को सड़क और बिजली सुविधाओं से जोड़ा जा चुका है। साथ ही 250 से अधिक आबादी वाले गांवों तक भी पक्की सड़कें पहुंचाने का काम किया गया है.

संजय गंगवार ने स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में भी अपनी उपलब्धियों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में काम किया गया है और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 'लखपति दीदी' जैसी योजनाओं को बढ़ावा दिया गया है.

गन्ना किसानों के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा गन्ना और चीनी उत्पादक राज्य है. उनके मुताबिक, वर्ष 2007 से 2017 के बीच गन्ना किसानों को लगभग 1.47 लाख करोड़ रुपये का भुगतान हुआ था, जबकि पिछले साढ़े नौ वर्षों में किसानों को 3.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है.

उन्होंने कहा कि सरकार ने चीनी मिलों की क्षमता बढ़ाने, नई चीनी मिलें स्थापित करने और किसानों को नई किस्मों के बीज उपलब्ध कराने का काम किया है. साथ ही आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देकर गन्ने की खेती को अधिक उत्पादक बनाने का प्रयास किया गया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP News, UP News Hindi, UP Election, UP Election 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com