सीबीएसई (CBSE) की थ्री लैंग्वेज पॉलिसी को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक बार फिर सुनवाई हुई. इस सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने स्थिति साफ कर दी है. कोर्ट ने साफ शब्दों में कहा है कि जिन छात्रों ने इस शैक्षणिक सत्र में पहले ही तीन भाषाएं चुन ली हैं, वे तीनों भाषाएं पढ़ते रहेंगे. स्कूल उन्हें दोबारा दो भाषाओं वाली पुरानी व्यवस्था में लौटने के लिए मजबूर नहीं कर सकते हैं. इसके अलावा तीसरी भाषा को बदलने के लिए भी दबाव नहीं बनाया जा सकता है. चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने बोर्ड की तरफ से दाखिल एक अर्जी पर सुनवाई करते हुए ये बड़ा निर्देश दिया है.
सुप्रीम कोर्ट ने क्या-क्या कहा?
सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया है कि जिन छात्रों ने पहले से तीन भाषाओं का विकल्प चुन लिया है, वे उसी के हिसाब से अपनी पढ़ाई जारी रखेंगे. जिन छात्रों को अंतरिम छूट के तहत दो भाषाएं पढ़ने की इजाजत मिली है, वे इस सत्र में दो भाषाओं के साथ ही पढ़ाई जारी रख सकते हैं. कोर्ट ने कहा कि कोई भी स्कूल पहले से तीन भाषाएं पढ़ रहे छात्रों पर दबाव डालकर उन्हें दो भाषाओं वाली व्यवस्था में वापस नहीं भेज सकता है. जस्टिस बागची ने कहा कि कक्षा 7 के छात्रों को दी गई ये अंतरिम छूट कक्षा 10 तक लागू रहेगी. इसी तर्ज पर कक्षा 6 के छात्रों के मामले को भी देखा जाना चाहिए.
'ये बच्चों से जुड़ा मानवीय मामला है'
सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि ये एक मानवीय मुद्दा है और कोर्ट नहीं चाहता कि बच्चों की पढ़ाई में किसी तरह की दिक्कत या उलझन पैदा हो. उन्होंने साफ किया कि जिन्होंने तीन भाषाएं चुन ली हैं वे उसी में रहेंगे और जो दो भाषाएं पढ़ रहे हैं उन्हें भी फिलहाल उसी व्यवस्था में रहने दिया जाएगा. जस्टिस बागची ने भी दोहराया कि कक्षा 6 के जिन बच्चों ने तीन भाषाएं ली हैं वे वही पढ़ेंगे, लेकिन जिन्होंने नहीं ली हैं उन पर इसे थोपा नहीं जाना चाहिए.
सुप्रीम कोर्ट क्यों पहुंचा था CBSE?
दरअसल, सीबीएसई ने सुप्रीम कोर्ट के 28 सितंबर के आदेश में थोड़ा बदलाव करने की मांग की थी. बोर्ड का कहना था कि कक्षा 6 के छात्रों को दी गई छूट के बाद उन बच्चों की स्थिति साफ करना जरूरी हो गया है, जो पहले ही तीन भाषाएं चुन चुके हैं. बोर्ड ने कोर्ट को ये भी बताया कि कक्षा 6 के कुल 23.44 लाख छात्रों में से 93 फीसदी से ज्यादा बच्चे पहले ही तीन भाषाओं का विकल्प चुन चुके हैं.
इससे पहले भी सुप्रीम कोर्ट अंग्रेजी को गैर-भारतीय भाषा मानने के सीबीएसई के नजरिए पर सवाल उठा चुका है. 20 अगस्त को कोर्ट ने इस नीति को जमीन पर लागू करने की व्यावहारिक दिक्कतों पर फिर से सोचने को कहा था. अदालत ने स्कूलों में शिक्षकों, किताबों और भाषाओं से जुड़े संसाधनों की कमी पर भी चिंता जताई थी.
यह भी पढ़ें | कक्षा 6 में पढ़ रहे छात्रों को भी नहीं देनी होगी तीसरी भाषा की बोर्ड परीक्षा, सुप्रीम कोर्ट का फैसला
यह भी पढ़ें | इंजीनियरिंग का क्रेज बरकरार! JEE Main 2027 में रिकॉर्ड 13.96 लाख आवेदन, देखें पिछले चाल साल के आंकड़े
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं