उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को कहा कि किसी नाबालिग के लिए अभिभावक नियुक्त करते समय अदालत के लिए उसका कल्याण सबसे महत्वपूर्ण विचार होता है. उसने कहा कि बच्चे अपने माता-पिता की न तो “संपत्ति” हैं और न ही खिलौना. दंपति के तलाक के बाद उनके दो नाबालिग बच्चों की अभिरक्षा से जुड़ी याचिका पर सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने कहा कि बच्चों को उनकी मां से अलग नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि इतने वर्षों में उनके बीच एक गहरा स्वाभाविक लगाव विकसित हो गया है.
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति अपारेश कुमार सिंह की पीठ ने कहा कि पिता को भी अपने बच्चों का साथ पाने का हक है, जो एक 'टूटी हुई शादी' के पीड़ित हैं.
उसने कहा कि पिता को हर महीने के दूसरे शनिवार और रविवार को मदुरै स्थित गांधी संग्रहालय में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे के बीच अपने नाबालिग बच्चों से मिलने की अनुमति होगी.
पीठ ने कहा कि जब अदालत के सामने माता-पिता की परस्पर विरोधी मांगें आती हैं, तो उसे मामले को केवल कानूनी नजरिये से नहीं देखना चाहिए.
उसने कहा, "ऐसे मामलों में फैसला लेते समय मानवीय पहलुओं पर भी ध्यान देना जरूरी होता है. अक्सर कहा जाता है कि बच्चे माता-पिता की कोई संपत्ति या खिलौना नहीं होते हैं."
न्यायालय ने उन दो लड़कों की मां की ओर से दायर अपील पर सुनवाई के दौरान ये टिप्पणियां कीं, जो अब 16 और 14 साल के हैं.
महिला ने मद्रास उच्च न्यायालय के अक्टूबर 2024 के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें लड़कों की अभिरक्षा उनके पिता को सौंपने के पारिवारिक न्यायालय के फैसले को बरकरार रखा गया था.
शीर्ष अदालत ने कहा कि उसके सामने सवाल यह है कि क्या मई 2014 से लगातार अपनी मां के साथ रह रहे उन बच्चों की अभिरक्षा उनके पिता को सौंप दी जानी चाहिए, जो उनके स्वाभाविक संरक्षक हैं.
पीठ ने कहा कि दंपति की शादी अगस्त 2009 में हुई थी और उनके दोनों बच्चों का जन्म मदुरै में क्रमशः जुलाई 2010 और मई 2012 में हुआ था.
उसने कहा कि वैवाहिक विवाद के चलते चार मामले दर्ज हुए और पति की ओर से दायर तलाक के मामले में क्रूरता के आधार पर शादी को भंग करने का फैसला सुनाया गया.
पीठ ने कहा कि उसने बच्चों सहित सभी पक्षों से बात की और इस बात पर गौर किया कि लड़कों ने स्पष्ट रूप से अपनी मां के साथ रहने की इच्छा जताई है.
न्यायालय ने कहा, "अभिभावक नियुक्त करते समय अदालत के लिए नाबालिग का कल्याण सबसे महत्वपूर्ण विचार होता है. ऐसा करते समय अदालत को नाबालिग की उम्र, लिंग, धर्म और प्रस्तावित अभिभावक के चरित्र एवं क्षमता को ध्यान में रखना होता है."
उसने कहा कि यह स्थापित सिद्धांत है कि अदालत को नाबालिग के कल्याण को ही एकमात्र आधार मानकर निर्णय लेना चाहिए.
यह भी पढ़ें: भर्ती घोटाले में CBI का बड़ा एक्शन, जेल में सुजीत बोस से फिर होगी पूछताछ... अब 2 बैंक अधिकारी भी रडार पर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं