राजधानी दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में 45 साल की घरेलू सहायिका की हत्या मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. हत्या का आरोप घर के मालिक पर ही है. आरोपी डॉ. मनीष गुप्ता पेशे से डॉक्टर है. पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी मेड के शव के पास ही बैठा था. पुलिस को देखकर उसने बस इतना कहा कि मैं सरेंडर कर रहा हूं. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने हत्या करने की बेहद अजीबोगरीब वजह बताई.
पत्नी से हुई थी बहस
शुरुआती जांच में पता चला है कि डॉ गुप्ता लगभग 15 सालों से डिप्रेशन का इलाज करवा रहे थे. पुलिस ने बताया कि हाल ही में घरेलू सहायिका को घर से हटाने को लेकर उनकी अपनी पत्नी से बहस हुई थी. आरोपी की पत्नी भी एक आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं. पत्नी ने मेड को काम से हटाने का विरोध किया था. उन्होंने कहा था कि मेड ने उनकी सास की कैंसर से लड़ाई के दौरान उनकी देखभाल की थी.
पीड़िता पिछले 15 सालों से घर पर काम कर रही थी. पुलिस ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल हथियार, यानी रसोई में इस्तेमाल होने वाला चाकू बरामद कर लिया गया है.
काला जादू की अटकलों को पुलिस ने किया खारिज
इस मामले में पहले काले जादू का एंगल भी सामने भी आया था. हालांकि पुलिस ने इस बात से इनकार किया है. डीसीपी (दक्षिण-पूर्व) हेमंत तिवारी ने कहा कि काले जादू के किसी भी पहलू का समर्थन करने वाला कोई सबूत नहीं है और उन्होंने इस मामले से जुड़ी अटकलों को खारिज कर दिया.
घटना के समय डॉक्टर की पत्नी अपने नर्सिंग होम में थीं. डॉक्टर का एक बेटा है जिसने हाल ही में 12वीं कक्षा पास की है और ग्रेटर नोएडा के एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी से LLB की पढ़ाई कर रहा है.
क्या बोले डॉक्टर के पड़ोसी?
NDTV ने आरोपी डॉक्टर के पड़ोसी से बात की, जिन्होंने इस बेरहम हत्या के बाद की स्थिति देखी थी और पुलिस को सूचना देने वाले शुरुआती लोगों में से एक थे.
पड़ोसी ने कहा, 'डॉ. गुप्ता हमेशा से बहुत अच्छे पड़ोसी रहे हैं. हमें उनके व्यवहार से कभी कोई दिक्कत नहीं हुई और वे हमें कभी मानसिक रूप से अस्थिर नहीं लगे. उनकी पत्नी भी बहुत अच्छी महिला हैं, कुछ दिन पहले ही हमारी उनसे थोड़ी बातचीत हुई थी, बस सामान्य 'हाय-हेलो' हुआ था और उस समय सब कुछ सामान्य लग रहा था." घटना के बाद के पलों को याद करते हुए पड़ोसी ने कहा, "हमें किसी ने बताया कि डॉ गुप्ता ने यह क्राइम किया है. जैसे ही हमें यह जानकारी मिली, हमने तुरंत PCR कॉल करके पुलिस को सूचित किया. घटना के बारे में सोसाइटी के इंटरनल ग्रुप में भी एक मैसेज भेजा गया था."
पड़ोसी ने डॉक्टर के पहले के किसी अजीब व्यवहार के बारे में लगाई जा रही अटकलों को भी खारिज कर दिया और कहा कि ऐसा कुछ होने का कभी कोई संकेत नहीं मिला था. पुलिस ने कहा कि जांच चल रही है और आरोपी से पूछताछ के बाद और जानकारी सामने आएगी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के माउंट कैलाश में मेड की हत्या में 'काला जादू' वाला एंगल, डिप्रेशन के शिकार डॉक्टर ने उगला राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं