बाथटब में डूबकर हुई श्रीदेवी की मौत: फॉरेंसिक रिपोर्ट
नई दिल्ली:
- यूएई में भारत के राजदूत नवदीप सूरी ने भाषा से कहा कि दुबई पुलिस एक और 'मंजूरी' मिलने के बाद ही शव सुपुर्द कर सकती है. हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि किस तरह की 'मंजूरी' की जरूरत है. सूरी ने कहा, 'यह उनकी आंतरिक प्रक्रिया है. हम नहीं जानते.'
- दुबई सरकार ने ट्विटर पर लिखा कि पुलिस ने मामला 'दुबई लोक अभियोजन' को सौंप दिया है जो इस तरह के मामलों में अपनायी जाने वाली कानूनी प्रक्रिया का पालन करेगा.
- दुबई सरकार के मीडिया अधिकारी ने ट्विटर पर कहा, "पोस्टमार्टम विश्लेषण होने के बाद दुबई पुलिस मुख्यालय ने आज बताया कि भारतीय अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत उनके होटल के कमरे में बाथटब में बेहोश होने के बाद डूबने से हुई."
- दुबई के अखबार खलीज टाइम्स ने अपनी एक खबर में कहा कि आज दोपहर (स्थानीय समयानुसार) शव पर लेप लगाया जा सकता है. अभिनेत्री का शव लाने की प्रक्रिया तेज करने के लिए भारतीय दूतावास एवं वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर प्रयास कर रहे हैं.
- यह साफ नहीं हुआ है कि 54 वर्षीय अभिनेत्री किस कारण से बेहोश हुईं और क्या दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत की शुरूआती खबर सच है. उनकी मौत से पूरे देश में उनके प्रशंसक और फिल्म जगत हैरान है. खबरों के अनुसार रिलायंस कॉम्युनिकेशंस (आरकॉम) के प्रमुख अनिल अंबानी ने अपने निजी विमान में अभिनेत्री का पार्थिव शरीर देश लाने की पेशकश की है.
- दुर्घटनावश डूबने की इस ताजा खबर से श्रीदेवी की मौत को लेकर बना रहस्य और गहरा गया है. उनके परिवार ने अभिनेत्री की मौत के बाद दिए गए शुरूआती बयान के बाद से कुछ नहीं कहा है और मीडिया से दुख के इस समय में उन्हें अकेला छोड़ देने का अनुरोध किया है. श्रीदेवी के परिवार में उनके पति फिल्म निर्माता बोनी कपूर और दो बेटियां हैं.
- दुबई के अखबार गल्फ न्यूज ने एक खबर में कहा कि श्रीदेवी की मौत नशे की हालत में दुर्घटनावश बाथटब में डूबने से हुई. अखबार ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यूएई सरकार की फोरेंसिक रिपोर्ट के हवाले से यह जानकारी दी.
- रिपोर्ट में मौत की वजह दुर्घटनावश डूबना बताई गई है. पोस्ट के साथ फोरेंसिक रिपोर्ट की एक कॉपी भी लगाई गई है, जिस पर यूएई स्वास्थ्य मंत्रालय और दुबई के निवारक दवा निदेशक की मुहर लगी है. अखबार ने अपनी खबर में अदाकारा का पूरा नाम "श्रीदेवी बोनी कपूर अय्यपन" उनके पासपोर्ट का नंबर, हादसे की तारीख और मौत की वजह बताई है.
- 54 वर्षीय अभिनेत्री को भारतीय फिल्म जगत की पहली महिला सुपरस्टार कहा जाता है. उनका शनिवार की रात को दुबई के एक होटल में निधन हो गया था. वह एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने यहां आई थीं.
- श्रीदेवी के आकस्मिक मौत से हैरान फिल्म जगत के लोग और प्रशंसक आज उनके देवर अभिनेता अनिल कपूर के घर पहुंचे. निल के बंगले पर माहौल गमगीन है, जहां श्रीदेवी और उनके पति बोनी कपूर की बेटियां खुशी और जाह्नवी कल से रह रही हैं. अनिल बोनी के छोटे भाई हैं.
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Sridevi