विज्ञापन
This Article is From Sep 29, 2023

टीएमसी का दावा-विशेष ट्रेन का अनुरोध अस्वीकार किया, रेलवे ने आवेदन नहीं मिलने की बात कही

पूर्वी रेलवे ने कहा कि रेलों की अनुपलब्धता के कारण अनुरोध पूरा नहीं किया जा सका. टीएमसी सूत्रों के अनुसार, लगभग 4,000 मनरेगा श्रमिकों को 30 सितंबर के लिए पार्टी द्वारा 'बुक' की गई एक विशेष ट्रेन से नयी दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है.

टीएमसी का दावा-विशेष ट्रेन का अनुरोध अस्वीकार किया, रेलवे ने आवेदन नहीं मिलने की बात कही
कोलकाता:

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि 'धनराशि रोकने' पर केंद्र के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के वास्ते महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) कार्य कार्डधारकों को पश्चिम बंगाल से नयी दिल्ली तक ले जाने के लिए एक विशेष ट्रेन के उसके अनुरोध को रेल अधिकारियों ने अस्वीकार कर दिया. हालांकि, रेलवे ने कहा कि उसे भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) से आवेदन मिला है, पार्टी से नहीं.

पूर्वी रेलवे ने कहा कि रेलों की अनुपलब्धता के कारण अनुरोध पूरा नहीं किया जा सका. टीएमसी सूत्रों के अनुसार, लगभग 4,000 मनरेगा श्रमिकों को 30 सितंबर के लिए पार्टी द्वारा 'बुक' की गई एक विशेष ट्रेन से नयी दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है.

टीएमसी ने दावा किया कि विशेष ट्रेन के अनुरोध को अस्वीकार करना मनरेगा लाभार्थियों को नयी दिल्ली पहुंचने से रोकने का भाजपा का ‘‘एक और प्रयास'' है.

टीएमसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर साझा पोस्ट में कहा, ‘‘हमें रोकने का एक और प्रयास! पूर्वी रेलवे के अधिकारियों ने मनरेगा और आवास योजना के वंचित लाभार्थियों को दिल्ली ले जाने के लिए एक विशेष ट्रेन के हमारे अनुरोध को अस्वीकार कर दिया। हालांकि, उनकी कुटिल रणनीति बंगाल के वाजिब बकाये को लेने की हमारी प्रतिबद्धता में बाधक नहीं बन पाएगी. न्याय के लिए हमारी लड़ाई किसी भी परिस्थिति में दिल्ली तक पहुंचेगी. जितना भी रोकने की कोशिश कर लो, हम डटे रहेंगे, झुकेंगे नहीं.''

उसने पूर्वी रेलवे से आईआरसीटीसी को लिखे पत्र की एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें कहा गया है कि एक विशेष ट्रेन के अनुरोध पर गौर किया गया और वांछित रैक के अनुसार कोच उपलब्ध नहीं हैं.

टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने इसे पार्टी के प्रति 'भाजपा के डर का प्रमाण' करार दिया. उन्होंने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘छल का चौंकाने वाला प्रदर्शन: भाजपा सरकार ने एक विशेष ट्रेन उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया। वाजिब बकाये के लिए विरोध प्रदर्शन करने के पश्चिम बंगाल के अधिकार में यह बाधा उसके डर का स्पष्ट प्रमाण है. उन्हें पश्चिम बंगाल के लोगों के सामने डरते हुए देखना अच्छा लगता है.''

पूर्वी रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल से कोई आधिकारिक अनुरोध नहीं मिला है. उन्होंने कहा, ‘‘हमें आईआरसीटीसी से एक अनुरोध प्राप्त हुआ था और हमने सूचित किया कि ऐसा कोई रैक उपलब्ध नहीं है.''

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई ने अपने खिलाफ टीएमसी के आरोप को 'निराधार' करार दिया.

भाजपा प्रदेश इकाई के प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है। टीएमसी को रेलवे से बात करनी चाहिए और हर चीज को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश बंद करनी चाहिए.''

टीएमसी के एक नेता ने कहा, ‘‘मनरेगा लाभार्थी सड़क और ट्रेन के माध्यम से विभिन्न जिलों से आए हैं। पार्टी (टीएमसी) ने कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में उनके ठहरने की व्यवस्था की है. उनमें से लगभग 4,000 लोगों का पार्टी द्वारा बुक की गई एक विशेष ट्रेन से 30 सितंबर को नयी दिल्ली के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है. हमने दिल्ली में उनके रहने की भी व्यवस्था की है.''

बनर्जी, टीएमसी सांसद, विधायक और जिला स्तर के नेता 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर राष्ट्रीय राजधानी के राजघाट पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी शायद कार्यक्रम में हिस्सा लेने नहीं जा सकें क्योंकि हाल ही में स्पेन और दुबई की यात्रा के दौरान उनके बाएं घुटने में लगी चोट के कारण चिकित्सकों ने उन्हें दस दिनों के आराम की सलाह दी है.

टीएमसी का एक प्रतिनिधिमंडल तीन अक्टूबर को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह से मिलेगा और उनके सामने मनरेगा के तहत बकाया राशि जारी नहीं किए जाने को लेकर एक ज्ञापन सौंपेगा.
 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tmc, Indian Railway, Mamata Banerjee
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com