- अमृतसर के लोहारका रोड इलाके में प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई
- बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने अचानक फायरिंग कर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए
- गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मैड संधू को मृत घोषित कर दिया और पुलिस जांच कर रही है
पंजाब के अमृतसर से दिलदहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां फेमस सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह सनसनीखेज वारदात शहर के लोहारका रोड इलाके में हुई. बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
गोली मारकर मौके से फरार हुए आरोपी
मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी श्री वेनिला ने बताया कि यह घटना शाम करीब 6 बजे लोहारका रोड पर हुई. उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात हमलावरों ने इन्फ्लुएंसर मैड संधू पर अचानक गोलियां चला दीं और वारदात को अंजाम देकर तुरंत मौके से फरार हो गए. घटना के बाद संधू को गंभीर हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस की कई टीमें इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं. पुलिस को आरोपियों से जुड़े कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।.
कांग्रेस नेता ने AAP सरकार पर साधा निशाना
दूसरी ओर, इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है. सीनियर कांग्रेस नेता डॉ. राजकुमार वेरका ने घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार पर सीधा हमला बोला है. डॉ. वेरका ने कहा कि अमृतसर में दिनदहाड़े खुलेआम गोलियां चल रही हैं और लोग अपनी जान गंवा रहे हैं. पंजाब में इस समय डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.
सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए वेरका ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है. एक तरफ युवा नशे से मर रहे हैं और दूसरी तरफ सरेआम कत्ल हो रहे हैं, लेकिन सरकार बड़े-बड़े विज्ञापनों और होर्डिंग्स के जरिए सब कुछ ठीक होने का झूठा दावा कर रही है. उन्होंने कहा कि आज पंजाब की जनता भयभीत है. भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को राज्य की बदहाल स्थिति की जिम्मेदारी लेते हुए पंजाब की जनता से माफी मांगनी चाहिए. फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.
यह भी पढ़ें: प्राइवेट बसों की कतार और अंधकार, बदरपुर में पुलिस स्टेशन के पास ये डार्क स्पॉट महिलाओं के लिए खतरे का रास्ता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं