विज्ञापन

स्लोवाकिया ने पीएम मोदी को दिया अपना सर्वोच्च सम्मान, प्रधानमंत्री का ये 33वां ग्लोबल ऑनर

पीएम मोदी को स्लोवाकिया ने अपने सर्वोच्च सम्मान 'द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' से सम्मानित किया है.

स्लोवाकिया ने पीएम मोदी को दिया अपना सर्वोच्च सम्मान, प्रधानमंत्री का ये 33वां ग्लोबल ऑनर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया के दौरे पर हैं. इस दौरान स्लोवाकिया ने भी उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' से सम्मानित किया. अपने सर्वोच्च सम्मान से पीएम मोदी को सम्मानित करने वाला स्लोवाकिया 33वां देश है. स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने उन्हें सर्वोच्च सम्मान से नवाजा.

'द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' स्लोवाकिया सम्मान है. यह सम्मान स्लोवाकिया के राष्ट्रपति की ओर से विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को दिया जाता है.

इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने स्लोवाकिया का आभार जताया. पीएम मोदी ने कहा कि 'इस सम्मान के लिए मैं स्लोवाकिया की जनता और सरकार का आभारी हूं. यह सम्मान भारत के 140 करोड़ लोगों का है. मैं यह पुरस्कार भारत और स्लोवाकिया की अटूट दोस्ती को समर्पित करता हूं.'

इससे पहले स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फित्सो ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई देते हुए इसे 'राजनीतिक चमत्कार' बताया था. उन्होंने कहा, 'इतने विविध और जटिल राजनीतिक माहौल में लगातार 12 सालों तक नेतृत्व बनाए रखना असाधारण उपलब्धि है.'

रॉबर्ट फित्सो ने आगे कहा कि 'मैं उस राजनीतिक स्थिरता को नजरअंदाज नहीं कर सकता जिसका आप प्रतिनिधित्व करते हैं. मैं आपको बधाई देता हूं कि आप भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री हैं.' उन्होंने कहा, 'यह उपलब्धि एक राजनीतिक चमत्कार के बराबर है, और यह भारत की लोकतांत्रिक ताकत और नेतृत्व क्षमता को दर्शाती है.'

भारत-स्लोवाकिया के बीच 11 समझौते

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के दौरे पर स्लोवाकिया पहुंचे हैं. किसी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की यह पहली यात्रा है. इसके बाद वह फ्रांस में होने वाली G-7 समिट में शामिल होंगे, जहां उनकी मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से होगी.

स्लोवाकिया के दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच सोमवार को प्रवासन, डिजिटल प्रौद्योगिकी और रक्षा जैसे कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए 11 समझौतों पर हस्ताक्षर भी हुए. इन समझौतों से कामगारों के प्रावसन, रक्षा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, उच्च शिक्षा और क्वांटम संचार के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग और मजबूत होगा.

पीएम मोदी और पीएम फित्सो, भारत-यूरोपीय फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को जल्द से जल्द लागू करने की दिशा में काम करने पर भी सहमत हुए. इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और स्लोवाकिया के बीच रक्षा सहयोग दोनों पक्षों के बीच 'गहरे आपसी भरोसे और रणनीतिक तालमेल' का सबूत है.

दोनों नेताओं ने सीमा-पार आतंकवाद और पहलगाम में हुए आतंकी हमले सहित हर तरह के आतंकवाद की कड़े शब्दों में निंदा की. दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ एक साथ काम करने के लिए एक समूह बनाने पर भी राजी हुए. दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने संयुक्त राष्ट्र के दायरे में अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद पर व्यापक संधि (CCIT) को जल्द अंतिम रूप देने और उसे अपनाने की दिशा में मिलकर काम करने पर सहमति जताई.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi, PM Modi In Slovakia, PM Narendra Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com