विज्ञापन

राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन की जांच कर रही एसआईटी ने अनिल मिश्रा से पूछताछ की

मंदिर में दान और चढ़ावे की गिनती व्यवस्था एवं उससे जुड़े लोगों की भर्ती को लेकर मिश्रा से पूछताछ की गई. दान में गबन और वित्तीय कुप्रबंधन के आरोपों की जांच के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर 13 जून को यूपी सरकार ने एसआईटी का गठन किया है.

राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन की जांच कर रही एसआईटी ने अनिल मिश्रा से पूछताछ की
  • SIT ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा से दान राशि की गिनती को लेकर पूछताछ की.
  • सरकार ने दान के गबन और वित्तीय कुप्रबंधन की जांच के लिए 13 जून को तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था.
  • अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि राम मंदिर को चढ़ावे के रूप में मिले करोड़ों रुपये गायब हैं.
अयोध्या:

राम मंदिर में दान और चढ़ावे के कथित गबन की पड़ताल कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बृहस्पतिवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा से दान राशि की गिनती और इस प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों की नियुक्ति के सिलसिले में पूछताछ की. सूत्रों ने बताया कि तीन सदस्यीय एसआईटी बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे राम मंदिर परिसर पहुंची और लगातार चौथे दिन अपनी जांच जारी रखी.

सूत्रों के मुताबिक, मिश्रा से मंदिर में प्राप्त दान और चढ़ावे की गिनती की प्रणाली और इस कवायद से जुड़े व्यक्तियों की भर्ती के संबंध में पूछताछ की गई. उत्तर प्रदेश सरकार ने दान के गबन और वित्तीय कुप्रबंधन से जुड़े आरोपों की जांच के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर 13 जून को एसआईटी का गठन किया. इसमें लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस महानिरीक्षक किरण एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं.

चढ़ावे और चंदा के रूप में मिले करोड़ों रुपये गायब : अखिलेश यादव

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में वित्तीय गड़बड़ी का मामला सात जून को सामने आया, जब उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खबरों का हवाला देते हुए दावा किया कि राम मंदिर को चढ़ावे और चंदा के रूप में मिले करोड़ों रुपये गायब हैं.

अखिलेश ने अदालत से इस मामले का संज्ञान लेने का आग्रह किया था. एसआईटी जांच जारी रहने के बीच अखिलेश ने बृहस्पतिवार को इस मुद्दे पर भाजपा पर हमला तेज करते हुए ‘एक्स' पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि अयोध्या गलत चीजें करने वालों के लिए कुरुक्षेत्र साबित होगा. उन्होंने कहा कि चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर पैदा हुए विवाद से मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या प्रभावित हुई है.

अखिलेश ने भाजपा पर जांच की प्रगति पर स्पष्टता उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाया. उन्होंने मांग की कि एसआईटी जांच को लेकर दैनिक आधार पर जानकारी प्रदान की जाए, क्योंकि भाजपा सरकार में व्यापक भ्रष्टाचार से जांच एजेंसी में लोगों का विश्वास घटा है.

CM योगी आदित्यनाथ का अयोध्या में राम मंदिर जाने का कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शुक्रवार को अयोध्या में राम मंदिर जाने का कार्यक्रम है. अयोध्या के जिला मजिस्ट्रेट शशांक त्रिपाठी के मुताबिक, राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को एक व्यक्ति नामित करने को कहा गया है जो मुख्यमंत्री के लिए दर्शन-पूजन की व्यवस्था करेंगे. एक दिन पूर्व ही चंपत राय ने राम मंदिर दान विवाद की जांच कर रही एसआईटी के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया था.

ये भी पढ़ें : ' सपा अगले सत्र में टूट जाएगी, वहां भी होगी बगावत...,' NDTV से खास बातचीत में बोले यूपी के मंत्री ओपी राजभर

लेखक के बारे में
img
आलोक कुमार ठाकुर
सीनियर सब एडिटर
लेखक NDTV समूह में Senior Sub Editor के तौर पर कार्यरत हैं. माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल, 2016-19 में पत्रकार... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ram Temple Donation, Ram Mandir
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com