विज्ञापन
This Article is From May 30, 2022

सिंगर सिद्धू मूसेवाला को लगी थी 2 दर्जन से ज्यादा गोलियां : पोस्टमार्टम पर सूत्र

पंजाब के मानसा पुलिस स्टेशन में फोरेंसिक टीम गायक की कार की जांच कर रही है.

नई दिल्ली:

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के शव का सोमवार को पांच डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया. सूत्रों के मुताबिक, रिपोर्ट में सामने आया है, सिंगर को दो दर्जन से ज्यादा गोलियां लगी हैं, एक गोली उन्हें खोपड़ी में लगी थी. इस साल कांग्रेस के टिकट पर पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने वाले गायक की रविवार को पंजाब के मानसा में अपनी एसयूवी चलाते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हमले के बाद सिंगर को अस्पताल लाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. 

सूत्रों का कहना है कि ज्यादा खून बहना मौत की वजह हो सकती है. विसरा के नमूने आगे की जांच के लिए भेजे गए हैं.

पंजाब के मानसा पुलिस स्टेशन में फोरेंसिक टीम गायक की कार की जांच कर रही है. कार के आगे और दोनों तरफ कई गोलियों के छेद हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि कार को चारों तरफ से घेरा गया था और कई राउंड फायरिंग की गई थी. 

28 वर्षीय सिंगर के पिता बलकौर सिंह ने बताया कि वह राज्य सरकार द्वारा दिए गए दो गनमैन के साथ एक अलग कार में अपने बेटे का पीछा कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने एक कार को सिंगर का पीछा करते देखा.

सिंह ने अपनी शिकायत में कहा, 'रविवार को मेरा बेटा अपने दोस्तों गुरविंदर सिंह और गुरप्रीत सिंह के साथ थार कार में जा रहा था. वह बुलेटप्रूफ फॉर्च्यूनर कार और दो गार्डों को अपने साथ नहीं ले गया. मैं दो गनमैन के साथ दूसरी कार में उसका पीछा कर रहा था.'

सोमवार को उत्तराखंड से 6 संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं. संदिग्ध हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए जा रहे तीर्थयात्रियों के बीच छिपे हुए थे. देहरादून से मुख्य संदिग्ध के साथ हिरासत में लिए गए पांच अन्य लोगों को पंजाब पुलिस अपने साथ ले गई है.

लेखक के बारे में
img
NDTV इंडिया
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sidhu Moose Walla, Punjab Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com