विज्ञापन

बंगाल में आज से शुभेंदु सरकार, 5 मंत्रियों ने भी ली शपथ, देखें मंत्रिमंडल की पूरी लिस्ट

शुभेंदु अधिकारी की कैबिनेट में शामिल पांच मंत्रियों के जरिए भाजपा ने संगठन, महिला नेतृत्व, मतुआ, आदिवासी और उत्तर बंगाल के सामाजिक संतुलन को साधने की कोशिश की है.

बंगाल में आज से शुभेंदु सरकार, 5 मंत्रियों ने भी ली शपथ, देखें मंत्रिमंडल की पूरी लिस्ट
  • बंगाल में BJP के सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और 5 सदस्यीय मंत्रिपरिषद का गठन किया गया है.
  • सामाजिक, क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के लिए महिला, आदिवासी, OBC क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व शामिल किया गया है..
  • राज्य में पहली बार भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बना रही है और तृणमूल कांग्रेस का 15 साल का शासन खत्म हुआ है.

पश्चिम बंगाल में सियासी बदलाव के बीच भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. उनके साथ ही एक छोटे लेकिन संतुलित मंत्रिपरिषद ने भी शपथ ली, जिसमें फिलहाल कुल पांच मंत्रियों को शामिल किया गया है. शपथ लेने वाले मंत्रियों में दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक किरतनिया, खुदीराम तुडू और निशीथ प्रामाणिक शामिल हैं. इस शुरुआती कैबिनेट में भाजपा ने सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने का स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है.

कैबिनेट में सामाजिक संतुलन का फॉर्मूला

नई सरकार के मंत्रिमंडल में विविध सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है. इसमें एक महिला मंत्री (अग्निमित्रा पॉल), एक आदिवासी चेहरा (खुदीराम तुडू), एक ओबीसी प्रतिनिधि, एक मतुआ समुदाय से और एक राजबंशी समुदाय से मंत्री शामिल किया गया है. 

इस संतुलन को भाजपा की उस रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें पार्टी ने चुनाव के दौरान अलग-अलग सामाजिक समूहों को साधने की कोशिश की थी.

यह भी पढ़ें- शुभेंदु की शपथ में जिस बुजुर्ग के पीएम मोदी ने पैर छुए, वो कौन हैं? जानिए माखनलाल सरकार के बारे में

छोटी शुरुआत, बड़े विस्तार का संकेत

शुरुआती तौर पर सीमित मंत्रिमंडल के गठन को पहला चरण माना जा रहा है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कैबिनेट का विस्तार किया जा सकता है, जिसमें और विधायकों को मौका मिलेगा.

सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बनी यह सरकार कई मायनों में ऐतिहासिक है. बंगाल में पहली बार भाजपा की पूर्ण बहुमत सरकार है. साथ ही यह तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत भी है. ऐसे में भाजपा ने सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश की है. 

यह भी पढ़ें- 5 ओबीसी, 5 ब्राह्मण... BJP के 17 मुख्यमंत्रियों में कौन किस जाति का, शुभेंदु अधिकारी सबसे नया नाम

कौन हैं सुवेंदु के 5 मंत्री? जानिए पूरा बैकग्राउंड

दिलीप घोष

भाजपा के सबसे वरिष्ठ और मजबूत संगठनात्मक चेहरों में शामिल दिलीप घोष लंबे समय तक पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं. RSS के प्रचारक के तौर पर शुरुआत की. 2014 के बाद बंगाल में भाजपा के विस्तार में अहम भूमिका निभाई. मेदिनीपुर से पूर्व सांसद हैं. आक्रामक हिंदुत्व और मजबूत संगठनात्मक पकड़ के लिए जाने जाते हैं. कैबिनेट में उनका शामिल होना अनुभव और संगठन की मजबूती का संकेत है.

अग्निमित्रा पॉल

भाजपा ने महिला प्रतिनिधित्व के लिए अग्निमित्रा पॉल को मौका दिया है. पेशे से फैशन डिजाइनर, 2019 में राजनीति में आईं. भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रही हैं. आसनसोल दक्षिण से विधायक (2021) रहीं, बंगाल भाजपा का प्रमुख महिला चेहरा भी हैं. उनका चयन महिला वोट बैंक और मॉडर्न-पॉलिटिक्स इमेज को मजबूत करता है.

अशोक किरतनिया

अशोक किरतनिया का चयन दक्षिण बंगाल के महत्वपूर्ण सामाजिक समीकरण को साधने की कोशिश है. बोंगांव उत्तर (उत्तर 24 परगना) से विधायक, मतुआ प्रभाव वाले इलाके से आते हैं. साथ ही व्यवसाय और स्थानीय संगठन से जुड़े रहे हैं. वे मतुआ और शरणार्थी वोट बैंक का अहम प्रतिनिधित्व करते हैं.

यह भी पढ़ें- सीने पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी, सिर पर शुभेंदु की तस्वीर... बंगाल में BJP की पहली सरकार पर ऐसा दिखा जोश

खुदीराम तुडू

जंगलमहल और आदिवासी क्षेत्र में भाजपा की पहुंच बढ़ाने में तुडू अहम चेहरा रहे हैं. बांकारा जिले के आदिवासी नेता हैं. रानीबांध सीट से विधायक चुने गए हैं. ST समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं. उनका शामिल होना आदिवासी आउटरीच को मजबूत करता है.

निसिथ प्रमाणिक

निसिथ प्रमाणिक भाजपा के युवा और प्रभावशाली चेहरों में गिने जाते हैं. उत्तर बंगाल से मजबूत पकड़ है. केंद्र में गृह और खेल मंत्रालय में राज्य मंत्री रह चुके हैं. 2019 में TMC छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे. राजबंशी समुदाय में मजबूत प्रभाव रखते हैं. उनका चयन युवा नेतृत्व और उत्तर बंगाल संतुलन का संकेत है.

लेखक के बारे में
img
Satyam Baghel
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Suvendu Adhikari, Suvendu Cabinet, Suvendu Adhikari CM Of Bengal, West Bengal CM, West Bengal CM Suvendu Adhikari
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com