- कानपुर में कुछ युवकों ने मामूली विवाद के कारण रिटायर्ड दरोगा के बेटे प्रदीप सिंह पर गोली चला दी
- प्रदीप सिंह हैदराबाद से अपनी कैंसर पीड़ित मां से मिलने के लिए आया था
- प्रदीप को बेल्ट से पीटे और फिर फायरिंग कर दी, जिससे पेट में गोली लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया
उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित कल्याणपुर इलाके में कुछ युवकों ने मामूली बात पर एक रिटायर्ड दरोगा के बेटे को गोली मार दी. युवक अपनी बीमार मां से मिलने हैदराबाद से घर आया था, जिनका कैंसर का इलाज चल रहा है. इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल युवक को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया.
कैंसर पीड़ित मां से मिलने हैदराबाद से आया था घर
कल्याणपुर क्षेत्र के आवास विकास-3 निवासी रविंद्र सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में दरोगा पद से करीब सात साल पहले सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) हुए थे. उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं. बड़ा बेटा संदीप सिंह और छोटा बेटा प्रदीप सिंह हैं. बड़ा बेटा संदीप ओला कंपनी में गाड़ियां चलवाता है, जबकि छोटा बेटा प्रदीप हैदराबाद में रहकर एक प्राइवेट नौकरी करता है.
पार्क के पास बुलाकर बेल्टों से पीटा, फिर दाग दी गोली
बड़े भाई संदीप ने बताया कि प्रदीप बीते मंगलवार दोपहर को ही हैदराबाद से घर लौटा था. देर रात घर के पास बने गजानन पार्क के समीप रहने वाले पड़ोस के कुछ लड़कों ने उसे फोन करके बुलाया. वहां किसी बात को लेकर प्रदीप का उन लड़कों से विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने पहले प्रदीप को लात-घूंसों और बेल्टों से बुरी तरह पीटा और फिर जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग कर दी.
भागने के दौरान पेट में लगी दूसरी गोली, रीजेंसी रेफर
हमलावरों से बचने के लिए जब प्रदीप भागा, तो बदमाशों द्वारा चलाई गई पहली गोली मिस हो गई. हालांकि, दूसरी गोली सीधे प्रदीप के पेट में जा लगी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए. प्रदीप के दोस्तों ने लहूलुहान हालत में उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रीजेंसी हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया. रीजेंसी अस्पताल पहुंचने के बाद दोस्तों ने घटना की जानकारी बड़े भाई संदीप को दी.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपियों की तलाश में तीन टीमें गठित
संदीप ने तत्काल 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को मामले की सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शुरुआती पूछताछ में स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी होने से इनकार कर दिया. इसके बाद गुरुवार दोपहर को संदीप ने कल्याणपुर थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की.
इस मामले पर एसीपी दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष से मिले प्रार्थना पत्र के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें रवाना कर दी गई हैं.
यह भी पढ़ें- डिजिटल युग का साक्षात 'चमत्कार'! बेटा गोद में खेल रहा और तहसील ने थमा दिया 'मृत्यु प्रमाण पत्र'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं