- राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने चढ़ावा चोरी के आरोपों पर खुद को आहत और लज्जित बताया है
- गोविंद देव गिरी ने कहा कि खर्च सीधे बैंक के माध्यम से किए जाते थे, मैं अयोध्या महीने-डेढ़ महीने में ही आता था.
- पुलिस ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के पांच आरोपियों से रविवार को लगभग पांच घंटे पूछताछ की है
अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी महाराज ने चिट्ठी जारी कर दी चढ़ावा चोरी मामले पर सफाई दी है. उन्होंने कहा कि चोरी की घटना से आहत, दुखी और लज्जित हूं. मैंने अपने प्रवास के लिए न्यास से एक रुपया भी नहीं लिया. गोविंद देव गिरी ने कहा कि खर्च सीधे बैंक के माध्यम से किए जाते थे, मैं कथा के लिए बाहर रहता था, मेरा निवास पुणे में है, मैं अयोध्या महीने-डेढ़ महीने में ही आता था.


चंदा चोरी के 5 आरोपियों से पुलिस ने की पूछताछ
इधर राम मंदिर चंदा चोरी के 5 आरोपियों अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, करुणेश पांडे और मनीष यादव से आज अयोध्या पुलिस ने लगभग 5 घंटे पूछताछ की. इन सभी आरोपियों से पुलिस को चोरी के पैसे से बनाई कई प्रॉपर्टी की महत्वपूर्ण जानकारियां हाथ लगी हैं. आज की पूछताछ के बाद पुलिस इन आरोपियों की चोरी के पैसे से बनाई गई सभी प्रॉपर्टी की जांच करेगी.

जेल में अविनाश से की गई थी पूछताछ
मामले की जांच कर रहे अयोध्या सीओ आशुतोष तिवारी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के विशेष जज रजत वर्मा की कोर्ट में पूछताछ की अर्जी दाखिल की थी. इससे पहले पुलिस ने जेल में अविनाश से पूछताछ की थी और फिर उसकी पुलिस कस्टडी भी ली थी. जरूरत पड़ने पर आज की पूछताछ के बाद फिर इनकी एक-एक करके पुलिस कस्टडी भी ली जा सकती है.
इसे भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर अब मोहन भागवत का भी आया बयान, क्या बोले संघ प्रमुख
इसे भी पढ़ें: टेबल-कुर्सी हटीं, जमीन पर बैठकर नोटों की गिनती... सख्त हुए राम मंदिर में चढ़ावा गिनने के नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं