विज्ञापन

NEET आंदोलन पर आदित्य ठाकरे का केंद्र पर हमला, बोले- 'भाजपा छात्र विरोधी, छात्रों को देंगे कानूनी मदद'

नीट पेपर लीक पर विरोध प्रदर्शन के बीच शिवसेना उद्धव गुट नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार देता है.

NEET आंदोलन पर आदित्य ठाकरे का केंद्र पर हमला, बोले- 'भाजपा छात्र विरोधी, छात्रों को देंगे कानूनी मदद'
फाइल फोटो

NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में जारी छात्र आंदोलन के बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में खुलकर उतरने का ऐलान किया है. युवा सेना प्रमुख और विधायक आदित्य ठाकरे ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज़ दबाने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए या जिन छात्रों पर मामले दर्ज किए गए हैं, उन्हें शिवसेना (यूबीटी) कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी.

मुंबई में आयोजित पत्रकार परिषद में आदित्य ठाकरे ने कहा कि NEET पेपर लीक के विरोध में शुरू हुआ आंदोलन केवल एक परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के लाखों छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा सवाल है.

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों से संवाद करने के बजाय पुलिस बल का इस्तेमाल कर आंदोलन को कुचलने की कोशिश कर रही है.

'सरकार ने बातचीत की नीति नहीं अपनाई'

आदित्य ठाकरे ने कहा कि सोनम वांगचुक के अनशन में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हैं. जब प्रदर्शनकारी संसद की ओर मार्च कर रहे थे, तब सरकार ने बातचीत का रास्ता अपनाने के बजाय दमन की नीति अपनाई.

उन्होंने कहा, "अन्ना हज़ारे के आंदोलन के दौरान तत्कालीन सरकार के मंत्री बातचीत के लिए आगे आए थे, लेकिन आज एक भी केंद्रीय मंत्री छात्रों से बात करने को तैयार नहीं है."

उन्होंने आरोप लगाया कि चैत्यभूमि पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कई छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया और उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए गए. आदित्य ठाकरे ने घोषणा की कि ऐसे छात्रों को कानूनी सहायता देने के लिए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने shivsenaubtlegal@gmail.com ई-मेल आईडी जारी की है. उन्होंने प्रभावित छात्रों से इस ई-मेल के माध्यम से संपर्क करने की अपील की.

'सबको अपनी बात रखने का अधिकार'

आदित्य ठाकरे ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार देता है. ऐसे में अपनी जायज़ मांगों के लिए आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और दमन लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है.

उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जवाबदेही तय करने की मांग की.

भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि छात्रों की आवाज़ दबाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि "भाजपा छात्र विरोधी पार्टी बन चुकी है." उन्होंने समाज के सभी वर्गों से छात्रों के आंदोलन के समर्थन में आगे आने की अपील करते हुए कहा कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) इस लड़ाई में छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी.

यह भी पढ़ें: पीएम आवास के बाहर धरना, एक खतरनाक परंपरा, सुरक्षा से खिलवाड़: केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shiv Sena, Paper Leak In NEET UG
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com