शिवसेना यूबीटी में 6 सांसदों की बगावत के बाद अब BMC में भी 'ऑपरेशन टाइगर' का खौफ दिख रहा है. शिंदे गुट ने दावा किया है की वो ठाकरे गुट की शिवसेना के नगरसेवकों से संपर्क में है, उन्हें अपने पाले में करने की कोशिशें तेज हैं.
शिंदे गुट के नगरसेवक किरण लांडगे ने खुद जानकारी दी है कि ठाकरे गुट के नगरसेवकों को तोड़ने की कोशिश हो रही है. शिंदे गुट नगरसेवक ने दावा किया है कि ठाकरे गुट के 20 से अधिक नगरसेवक उनके संपर्क में हैं. वर्तमान में मुंबई महानगरपालिका में ठाकरे गुट के शिवसेना के कुल 65 नगरसेवक हैं.
शिवसेना शिंदे गुट के किरण लांडगे ने कहा, "आज केवल मुंबई भर में ही नहीं, बल्कि संपूर्ण महाराष्ट्र और देश में एक उत्साह का वातावरण है. जो छह सांसद चुनकर आए थे, उन छह सांसदों ने आज पुनः हिंदुत्व की दिशा में और हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे के विचारों पर चलने का निर्णय लिया है. इसीलिए, छह सांसदों ने अपना अलग गुट स्थापित करने की राह चुनी है."

किरण लांडगे
कब साथ आएंगे नगरसेवक?
जब किरण लांडगे से पूछा गया कि कितने नगरसेवक शिंदे गुट के संपर्क में हैं और कब तक वे साथ आएंगे तो इसपर उन्होंने कहा, "सच तो यह है कि 20 से अधिक नगरसेवक हमारे संपर्क में हैं. बार-बार उनकी ओर से ही हमसे पूछा जा रहा है कि निर्णय कब लेना है. हमने ही थोड़ी देरी की है, इसलिए इसमें थोड़ा विलंब हुआ है. लेकिन जल्द ही हम इस बारे में मुंबईवासी को एक अच्छी खुशखबरी देंगे. और आपको भी मुंबई महानगरपालिका में शिवसेना के, बालासाहेब के विचारों वाली शिवसेना का और शिंदे साहब के शिवसेना का नगरसेवकों का आंकड़ा बढ़ा हुआ दिखाई देगा."
इनपुट- देवेंद्र कोल्हटकर
यह भी पढ़ें: 'शिवसेना उद्धव कांग्रेस में विलय की ओर...': स्पीकर को सौंपे गए पत्र में बागी सांसदों ने बताई बगावत की वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं