कांग्रेस सांसद शशि थरूर अपनी अंग्रेजी के लिए जाने जाते हैं. वह अक्सर अंग्रेजी के नए-नए शब्द भी सुझाते रहते हैं, जिन्हें बोल पाना और लिख पाना थोड़ा मुश्किल होता है लेकिन उनके मतलब काफी गहरे होते हैं. अब शशि थरूर ने 'अंधभक्तों' के लिए एक नया शब्द सुझाया है- 'क्वकरवजर', जिसकी स्पेलिंग है- 'quockerwodger'.
शशि थरूर ने जिस शब्द को सुझाया है, उसका इस्तेमाल उन लोगों के लिए किया जा सकता है जो राजनीतिक कठपुतलियों की तरह काम करते हैं, यानी जो किसी और के इशारों पर चलते हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस शब्द को सुझाने वाले शशि थरूर ने बताया कि ''क्वकरवजर' का मतलब है- एक राजनीतिक कठपुतली यानी ऐसा व्यक्ति जो किसी और के नियंत्रण में हो और उसी के निर्देशों पर काम करे.'

इस शब्द को शेयर करते हुए शशि थरूर ने लिखा, 'जो लोग लोगों को 'अंधभक्त', 'गोदी', 'पेड फॉलोअर्स' कहकर थक चुके हैं, क्या यह उनके लिए एक बेहतर विकल्प हो सकता है?'
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब शशि थरूर ने यह शब्द साझा किया हो. इससे पहले अप्रैल 2022 में भी उन्होंने 'क्वकरवजर' का मतलब बताया था.
कांग्रेस सांसद शशि थरूर अक्सर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ऐसे कम प्रचलित अंग्रेजी शब्दों के बारे में बताते रहते हैं. उन्होंने एक बार 'एलोडॉक्साफोबिया' (allodoxaphobia) का मतलब बताया था, जिसका मतलब होता है- दूसरों की राय से डरने वाला. इसके अलावा 'ट्रोग्लोडाइट' (troglodyte), जिसका इस्तेमाल ऐसे व्यक्ति के लिए किया जाता है जो जानबूझकर पुराने ख्यालों वाला रहता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं