Delhi News: देश भर में आज यानी 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है. इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने युवाओं से जुड़ने के लिए एक नया अभियान शुरू करने की योजना बनाई है. जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर 'संविधान रक्षा' मार्च निकालने का ऐलान किया है.
बीजेपी का बनाया स्कूल-कॉलेज प्लान
बीजेपी की योजना के मुताबिक, संविधान दिवस के मौके पर देश भर के स्कूलों और कॉलेजों में स्पेशल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. पार्टी नेतृत्व ने अपने सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को निर्देश दिया है कि वे 26 नवंबर से 30 नवंबर के बीच अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में इन कार्यक्रमों का आयोजन करें और युवाओं से संवाद करें.
'वोट चोरी' के खिलाफ कांग्रेस का मार्च
वहीं दूसरी तरफ, कांग्रेस भी संविधान दिवस के मौके पर अपना राजनीतिक अभियान तेज कर रही है. कांग्रेस का कहना है कि संविधान रक्षा मार्च कथित वोट चोरी के मुद्दे के विरोध में आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक मूल्यों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सके.
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर बोला हमला
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संविधान दिवस पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने अपने लेख में आरोप लगाया कि देश के इतिहास में कई बार संविधान को कमजोर करने का काम उन्हीं लोगों ने किया, जिन पर उसकी रक्षा की जिम्मेदारी थी. पीएम मोदी ने आर्टिकल 356 के कथित दुरुपयोग, आपातकाल और विभिन्न संवैधानिक संशोधनों का जिक्र करते हुए कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाए.
'सत्ता के लालच में कोई सरकार किस हद तक जा सकती है...'
प्रधानमंत्री ने खास तौर पर देश के युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करने की अपील की. उनका कहना था कि इससे युवा समझ सकेंगे कि सत्ता के लालच में कोई सरकार संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ किस हद तक जा सकती है. उन्होंने यह भी कहा कि देश के युवाओं को केवल अपने अधिकारों ही नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए.
यह भी पढ़ें | मौत को छूकर लौटा जर्मन टूरिस्ट, 60 फीट गहरी खाई के ऊपर हवा में झूलता रहा पुल; Video देख कांप जाएगी रूह
यह भी पढ़ें | हत्या के आरोपी का पहले हाथ काटा फिर बीच सड़क गोली मार फरार, पुणे कोर्ट के बाहर हॉरर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं