सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के ग्रुप डी का एक रोमांचक मुकाबला आज (26 नवंबर 2026) मुंबई और उत्तराखंड के बीच कोलकाता में खेला गया. जहां क्रिकेट प्रेमियों को शिवम दुबे और सूर्यकुमार यादव से आतिशी पारी की दरकार थी. मगर दोनों ही बल्लेबाजों का बल्ला उत्तराखंड के खिलाफ बिल्कुल खामोश रहा. शिवम दुबे पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए. वहीं कैप्टन सूर्यकुमार यादव दो गेंद में केवल एक रन ही बना पाए. दोनों बल्लेबाजों को जगदीश सुचित ने आउट करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया.
जगदीश सुचित के शिकार बने सरफराज खान, शिवम दुबे और सूर्यकुमार यादव
मुकाबले के दौरान जगदीश सुचित ने कुल तीन सफलता प्राप्त की. उनके शिकार कोई और नहीं बल्कि भारतीय टीम की तरफ से शिरकत कर चुके सरफराज खान, शिवम दुबे और सूर्यकुमार यादव बने. सुचित ने पहले 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर सरफराज खान को शाश्वत डंगवाल के हाथों कैच आउट करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया. उसके बाद तीसरी और छठी गेंद पर शिवम दुबे और सूर्यकुमार यादव को बोल्ड किया.
मुंबई को मिली जीत
हालांकि, जगदीश सुचित के इस शानदार गेंदबाजी के बावजूद उत्तराखंड की टीम जीत हासिल नहीं कर पाई. कोलकाता में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम 20 ओवरों में 209 रन बनाने में कामयाब हुई थी. तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए मुशीर खान सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 65 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा अंगकृष रघुवंशी ने भी पारी का आगाज करते हुए फिफ्टी जमाया. वह 34 गेंद में 51 रन बनाने में कामयाब रहे. हार्दिक तामोरे के बल्ले से 39 और सरफराज खान 31 रन बनाने में कामयाब रहे.
मुंबई की तरफ से जीत के लिए मिले 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तराखंड की टीम 16.5 ओवरों में 123 रनों पर ढेर हो गई. टीम के लिए छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए शाश्वत डंगवाल ने 20 गेंदों में 37 रनों की सर्वाधिक पारी खेली. मगर वह भी अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके और पूरी टीम को 86 रनों से हार का सामना करना पड़ा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं