- दिल्ली पुलिस ने सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के बाद भिवाड़ी से बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल को पकड़ा है.
- हरिराम बंसल की गिरफ्तारी पुलिस की लगातार दबिशों के बाद हुई, जो उसके ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थी.
- हरिराम बंसल को लेकर पुलिस दिल्ली आ रही है जहां उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से बिल्डिंग के मालिक हरिराम बंसल को पकड़ लिया है. इस हादसे के बाद हरिराम बंसल भागा-भागा फिर रहा था. लेकिन दिल्ली पुलिस की टीम लगातार उसके ठिकानों पर दबिश दे रही थी. इसी कड़ी में सोमवार दोपहर बाद दिल्ली पुलिस ने हरिराम बंसल को राजस्थान से भिवाड़ी से पकड़ने में कामयाबी पाई. अब पुलिस उसे लेकर दिल्ली आ रही है. जहां उसके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी. हरिराम बंसल के दिल्ली में कई जगह आवासीय जमीन और फ्लैट है. जिसमें एक सत्य निकेतन की वो जमीन भी थी, जिस पर बनी बिल्डिंग रविवार को गिर गई. इस हादसे में अभी तक 8 लोगों की मौत हो गई है. 12 से अधिक घायल है.

सत्य निकेतन हादसे वाली बिल्डिंग का मालिक हरिराम बंसल, पुलिस गिरफ्त में.
Photo Credit: NDTV
गुरुग्राम में आलीशान कोठी, वहीं हार्डवेयर की दुकान भी
मालूम हो कि सत्य निकेतन इलाके में गिरने वाली बिल्डिंग का मालिक हरिराम बंसल का घर गुरुग्राम के सेक्टर-23 में है. यहां पॉश इलाके में उसने आलीशान कोठी बना रखी है. बताया जा रहा है कि वह यहां लंबे समय से रह रहा था. इसी इलाके के मार्केट में उसकी एक हार्डवेयर की दुकान भी है, जहां कल वह हादसे के समय बैठा हुआ था.
इसके अलावा गुरुग्राम के इसी पॉश इलाके में उसके बेटे-बेटी भी रहते हैं और उसके पास कुल 4 से 5 प्रॉपर्टीज हैं. सोमवार सुबह जब उसे गुरुग्राम के घर पर पुलिस पहुंची तो यहां कोई नहीं था. लेकिन बाहर से ही उसके घर को देखकर उसके ठाठ-बाट का अंदाजा लगाया जा सकता है.
सत्य निकेतन बिल्डंग हादसे में MCD के ये 5 अधिकारी सस्पेंड
इस हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने MCD के डिप्टी कमिश्नर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर को सस्पेंड भी किया है. इन अधिकारियों के सस्पेंसन की चिट्ठी जारी कर दी गई है. निलंबित किए गए अधिकारियों में MCD में साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार, साउथ जोन के SE रणवीर सिंह, साउथ जोन के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (बिल्डिंग) ललित कुमार, साउथ जोन के अस्सिटेंट इंजीनियर (बिल्डिंग), सुनील चौहान साउथ जोन के जूनियर इंजीनियर (बिल्डिंग) और आशीष कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है.
यह भी पढे़ं - सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में 8 की मौत, MCD डिप्टी कमिश्नर सहित 5 अधिकारी सस्पेंड, पहचान जारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं