- यूपी सरकार में मंत्री ओपी राजभर के दावे पर सनातन पांडेय ने पलटवार किया है
- बलिया से सपा सांसद सनातन ने कहा कि उन्हें सपा से कोई अलग नहीं कर सकता है
- राजभर ने एक्स पर पोस्ट में दावा किया था बलिया का लाल होगा सपा के बागी सांसदों का नेता
समाजवादी पार्टी के बलिया से सांसद सनातन पांडेय ने योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुसभपा) के मुखिया ओमप्रकाश राजभर के बयान पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि अगर वो सपा से बागी हो गए तो राजनीति से ही संन्यास ले लेंगे. गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री और राजभर ने सपा में टूट को लेकर बड़ा दावा किया है. बुधवार को राजभर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि समाजवादी पार्टी में जल्द ही बड़ी टूट होगी. अब आज सुबह-सुबह उन्होंने एक और पोस्ट कर यह बताया कि बागी बलिया का लाल समाजवादी पार्टी के बागी सांसदों का नेता होगा. माना गया कि उनका इशारा सनातन पांडेय की तरफ है. अब बलिया के सांसद ने भी पलटवार किया है.
मुझे सपा से कोई अलग नहीं कर सकता- सनातन
सनातन पांडेय ने आज कहा कि उन्हें दुनिया की कोई ताकत समाजवादी पार्टी से अलग नहीं कर सकती है. उन्होंने कहा कि मेरे पिता मुझे इंजीनियर बनाना चाहते थे लेकिन पिता की मौत के बाद 1986 के बाद राजनीति में आया हूं. सपा सांसद ने कहा कि बलिया का लाल बागियों का नेतृत्व करेंगे, अगर ये बात सही है तो मैं राजनीति से ही संन्यास ले लूंगा.
राजभर ने क्या पोस्ट किया था
गुरुवार सुबह-सुबह ओपी राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है?
तो सुनो! सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की 'बागी भूमि' का एक लाल करेगा. और करे भी क्यों न? कल जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे 'बागी बलिया' का लाल बहुत आहत है.
कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है?
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) June 18, 2026
तो सुनो!
सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की 'बागी भूमि' का एक लाल करेगा।
और करे भी क्यों न?
कल जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे 'बागी बलिया' का लाल…
सनातन ने राजभर को सुनाया
सनातन पांडेय ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर हमारे संसदीय क्षेत्र से विधायक हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीति में उन्हें बिना कुछ किए ही सफलता मिल गई है. इसलिए ऐसे बयान दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि राजभर के बेटे रसड़ा से चुनाव हार गए थे. उनको मैंने कभी अपमानित नहीं किया है. लेकिन इतना ज्यादा बोलना सही नहीं है. उन्होंने कहा कि खुद की उनकी पार्टी टूट गई. राजभर को पता नहीं है. उन्होंने कहा कि राजभर पहले बीजेपी में रहे ते और अपने सरकार को बुरा भला कहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि राजभर ने स्वजातीय लोगों के लिए कुछ भी नहीं किया है.
पढ़ें, 'जो डर जाएगा वो...', सपा में टूट के ओपी राजभर के दावे पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान
यह भी पढ़िए, यूपी चुनाव 2027 का शंखनाद: बहराइच में गरजे असदुद्दीन ओवैसी, शौकत अली मटेरा से AIMIM उम्मीदवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं