विज्ञापन

तसलीमा नसरीन का खत्म हुआ 'बंगाल निकाला', 19 साल बाद कोलकाता पहुंचीं; चेहरे पर सुकून और खुशी

तसलीमा नसरीन 20 साल बाद कोलकाता पहुंची हैं. उन्हें कट्टरपंथियों के विरोध के चलते बंगाल छोड़ना पड़ा था. कोलकाता पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया.

तसलीमा नसरीन का खत्म हुआ 'बंगाल निकाला', 19 साल बाद कोलकाता पहुंचीं; चेहरे पर सुकून और खुशी
tasleema nasreen
  • तसलीमा नसरीन 19 साल बाद कोलकाता वापस आई हैं, जहां उन्हें पहले कट्टरपंथियों के विरोध के कारण जाना पड़ा था
  • 2007 में कोलकाता में विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिसके बाद तत्कालीन लेफ्ट सरकार ने उन्हें बाहर जाने को कहा था
  • तसलीमा नसरीन महिलाओं के मुद्दों और कट्टरपंथ के खिलाफ अपने लेखन के लिए जानी जाती हैं, जो विवाद का कारण भी बनी
नई दिल्ली:

मशहूर लेखिका तसलीमा नसरीन 19 साल बाद कोलकाता पहुंची हैं. उन्हें 2007 में शहर छोड़कर निकलना पड़ा था, जब कट्टरपंथियों ने उनकी बंगाल में मौजूदगी पर ऐतराज जताया था. उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिसके बाद तब की लेफ्ट सरकार ने उन्हें बंगाल से बाहर निकल जाने को कहा था. फिर 2011 में टीएमसी की सरकार आई थी, लेकिन तसलीमा नसरीन की वापसी नहीं हो सकी. तसलीमा नसरीन महिलाओं के मुद्दे पर लिखती रही हैं. इसके अलावा कट्टरपंथ के खिलाफ भी उनकी कलम चलती रही है, लेकिन यही उनकी मुसीबत की वजह भी बनी है.

पहले उन्हें बांग्लादेश से निकलना पड़ा तो वह बंगाल आ गईं. कोलकाता में वह रहती थीं, लेकिन 2007 में उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए तो वहां से भी उन्हें निकलना पड़ गया. तब से अब तक वह कोलकाता नहीं गई थीं, लेकिन शुक्रवार को यह इंतजार एयरपोर्ट पर तसलीमा नसरीन की लैंडिंग के साथ ही खत्म हो गया. वह एक आयोजन में हिस्सा लेने वाली हैं. कोलकाता की इस यात्रा को लेकर तसलीमा नसरीन ने भी खुशी जताई थी. 

तसलीमा नसरीन के उपन्यास 'लज्जा' को लेकर बांग्लादेश में काफी बवाल हुआ था, जिसमें उन्होंने एक हिंदू परिवार के उत्पीड़न की कहानी लिखी थी. फिर उनकी एक पुस्तक द्विखंडितो आई थी, जिस पर बंगाल में भी बवाल हुआ. कट्टरपंथियों का कहना था कि उनकी पुस्तक इस्लाम का अपमान करने वाली है और यह ईशनिंदा के दायरे में है. 2003 में आई पुस्तक को तब की बंगाल सरकार ने बैन कर दिया था. तसलीमा नसरीन बीते करीब ढाई दशकों से दुनिया भर में प्रवास कर रही हैं, लेकिन वह बांग्लादेश और बंगाल ही नहीं जा सकीं. अब बंगाल जाने का इंतजार खत्म हुआ है. 

बांग्लादेश के हालातों पर तसलीमा ने क्या लिखा था

तसलीमा ने अपनी पुस्तक 'द्विखंडितो' में बांग्लादेश के हालातों पर भी लिखा था. उनका कहना था कि बांग्लादेश में कट्टरपंथ चरम पर है और अकसर इसका शिकार महिलाएं ही बनती हैं. गांव-गांव में महिलाएं मौलानाओं के फतवों का शिकार होती हैं. बता दें कि इसी साल बंगाल में भाजपा की सरकार बनी है और अब उनकी वापसी हुई है. इसे लेकर भी भाजपा के कुछ लोगों का कहना था कि तसलीमा नसरीन को कट्टरपंथियों का तुष्टिकरण करते हुए बंगाल से बाहर किया गया था, लेकिन अब उन्हें राज्य में कोई खतरा नहीं होगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tasleema Nasreen, Tasleema Nasreen Visa, India News, India News In Hindi, BJP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com