विज्ञापन

रूस-यूक्रेन युद्ध में एक भारतीय की मौत, तीन घायल; ड्रोन हमले में ए रामैया की गई जान

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक भारतीय की मौत से हड़कंप मच गया है. ओडिशा के गंजाम निवासी ए रामैया की ड्रोन हमले में जान चली गई, जबकि तीन अन्य भारतीय घायल हुए हैं. रोजगार की तलाश में रूस गए रामैया अब ताबूत में लौटेंगे.

रूस-यूक्रेन युद्ध में एक भारतीय की मौत, तीन घायल; ड्रोन हमले में ए रामैया की गई जान
  • ओडिशा के गंजाम जिले के निवासी ए रामैया यूक्रेन के ड्रोन हमले में मारे गए हैं, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं.
  • रामैया एक महीने पहले बेहतर रोजगार की तलाश में रूस गए थे, लेकिन युद्ध क्षेत्र में उनकी मौत हो गई है.
  • यूक्रेन की ओर से किए गए ड्रोन हमले की चपेट में आने से रामैया को बचने का मौका नहीं मिला था.

Russia Ukraine War Indian Killed: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक भारतीय की मौत की खबर ने पूरे देश को झकझोर दिया है. ओडिशा के गंजाम जिले के रहने वाले ए रामैया की यूक्रेनी ड्रोन हमले में जान चली गई. वहीं तीन अन्य भारतीय घायल हो गए. रोजगार की तलाश में विदेश गए रामैया अब ताबूत में घर लौटेंगे. इस दर्दनाक खबर से परिवार ही नहीं, पूरा गांव सदमे में है.

ए रामैया ओडिशा के गंजाम जिले के चिकिटी ब्लॉक के माधाबंध गांव के रहने वाले थे. जानकारी के मुताबिक, वह करीब एक महीने पहले ही बेहतर रोजगार की तलाश में रूस गए थे. परिवार को उम्मीद थी कि विदेश जाकर वह अपने भविष्य को संवारेंगे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.

ड्रोन हमले में गई जान

रिपोर्ट्स के अनुसार, रामैया रूस के एक ऐसे इलाके में काम कर रहे थे, जो युद्ध से प्रभावित है. इसी दौरान यूक्रेन की ओर से किए गए ड्रोन हमले की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई. यह हमला इतना घातक था कि उन्हें बचने का मौका तक नहीं मिल सका.

जैसे ही इस हादसे की खबर गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों का कहना है कि रामैया घर की जिम्मेदारियां संभालने के लिए विदेश गए थे, लेकिन अब वह कभी वापस नहीं लौटेंगे. गांव के लोग भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं.

प्रशासन और दूतावास की पहल

गंजाम जिला कलेक्टर वी. कीर्ति वासन ने इस घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि भारतीय दूतावास के संपर्क में रहकर रामैया का शव जल्द से जल्द भारत लाने की प्रक्रिया जारी है. प्रशासन ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया है.

अन्य भारतीय भी हुए घायल

रूस स्थित भारतीय दूतावास ने भी इस घटना को लेकर जानकारी दी है. दूतावास के अनुसार, ड्रोन हमले में एक भारतीय की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य भारतीय घायल हैं. अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की है और उनके इलाज की व्यवस्था कराई जा रही है. यह घटना एक बार फिर युद्ध क्षेत्रों में काम कर रहे भारतीयों और अन्य विदेशी मजदूरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है.  

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com