विज्ञापन

पहले रूस का ड्रोन हमला, अब यूक्रेन का जवाबी अटैक- भारतीय नाविक ही दोनों तरफ से जख्मी

2022 में संघर्ष शुरू होने के बाद से ही रूस और यूक्रेन काला सागर के आसपास कमर्शियल जहाजों को निशाना बना रहे हैं. चूंकि पूरी दुनिया के जहाजों में भारतीय नाविकों की संख्या बड़ी तादाद में है, ऐसे हमलों में भारतीय ही निशाना बनते हैं.

पहले रूस का ड्रोन हमला, अब यूक्रेन का जवाबी अटैक- भारतीय नाविक ही दोनों तरफ से जख्मी
रूस और यूक्रेन, दोनों ने ही हाल के हफ्तों में हमले तेज करने की कसम खाई है
  • रूस के काला सागर तट के पास लाइबेरिया के झंडे वाले टैंकर पर यूक्रेनी ड्रोन हमले से आग लग गई
  • टैंकर पर मौजूद सभी 23 क्रू मेंबर भारतीय थे, जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है
  • रूस के ट्रांसपोर्ट मंत्रालय ने बताया कि कच्चा तेल समुद्र में जल रहा है और आग बुझाने की कोशिश जारी है

रूस के काला सागर के तट के पास, लाइबेरिया के झंडे वाले एक ऑयल टैंकर पर यूक्रेनी ड्रोन हमले से आग लग गई. इस टैंकर पर मौजूद सभी क्रू मेंबर भारतीय थे. रूस के ट्रांसपोर्ट मंत्रालय ने बताया कि आग की तेजी की वजह से फायरफाइटर्स अभी तक इसे बुझा नहीं पाए हैं, लेकिन 23 लोगों के क्रू को सुरक्षित बचा लिया गया है. रूसी मंत्रालय ने कहा कि टैंकर पर "नेवल ड्रोन" से हमला किया गया था और काला सागर के पानी में कच्चा तेल खुलेआम जल रहा है. मंत्रालय ने आगे कहा कि आग की तेजी कम होने पर फायरफाइटर्स इसे बुझाने की फिर से कोशिश करेंगे.

यह घटना सोची के पास हुई, जो लगभग 5 लाख आबादी वाला एक मशहूर रिजॉर्ट शहर है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही घटना की तस्वीरों में समुद्र में तेज नारंगी लपटें और सोची रिजॉर्ट शहर के पास आसमान में काले धुएं का घना गुबार उठता हुआ दिखाई दे रहा है. शहर के मेयर ने सोशल मीडिया पर बताया कि समुद्र तट तक जाने पर रोक लगाई जा रही है.

पहले रूस ने किया था हमला

यह हमला रोमानिया के तट के पास एक और जहाज में आग लगने और उसके डूबने के एक दिन बाद हुआ. उस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक लापता हो गया. यूक्रेन ने कहा कि यह ड्रोन हमला रूस ने किया था और इसमें चालक दल का एक भारतीय सदस्य भी घायल हो गया.

बता दें कि 2022 में संघर्ष शुरू होने के बाद से ही रूस और यूक्रेन काला सागर के आसपास कमर्शियल जहाजों को निशाना बना रहे हैं. हाल के दिनों में रूस ने EU सदस्य देश रोमानिया के तट के पास यूक्रेनी सामान ले जा रहे अनाज के जहाजों पर हमले किए हैं. दूसरी ओर, यूक्रेन का कहना है कि रूस के ऑयल इंफ्रास्ट्रक्चर पर उसके हमले, मॉस्को द्वारा उसके कस्बों और शहरों पर हर रात किए जा रहे हमलों का सही जवाब हैं.

दोनों पक्षों ने हाल के हफ्तों में हमलों को और तेज करने की कसम खाई है. रूस ने कीव में अहम पुलों को निशाना बनाना और दिन के समय ड्रोन हमलों से राजधानी के मुख्य इलाकों पर प्रहार करना शुरू कर दिया है. यह एक नई रणनीति है जिससे शहर में भारी जाम लग गया है. वहीं दक्षिणी रूस में तेल ठिकानों पर यूक्रेन के पिछले हमलों के कारण तेल का रिसाव हुआ, समुद्र तट बंद करने पड़े और आसमान से जहरीली काली बारिश हुई.

यह भी पढ़ें | भारत और अजरबैजान के नागरिकों को ले जा रहे जहाज पर रूस का ड्रोन हमला, कप्तान की मौत : जेलेंस्की

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Russia Ukriane War, Ukraine Drone Attack On Russia, Russia Ukriane War Latest News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com