चार धाम यात्रा के महत्वपूर्ण हिस्से और हिंदू मान्यताओं में पवित्र स्थान बदरीनाथ धाम में डीजे कॉन्सर्ट के आयोजन पर विवाद बढ़ता जा रहा है. अब इस मामले पर भाजपा के सीनियर नेता रहे मुरली मनोहर जोशी ने नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि यहां पर डीजे बजाया जाना तो सीधे तौर पर पवित्रता पर हमला है.
उन्होंने X पर इस बारे में एक लंबी पोस्ट लिखी है. जोशी ने लिखा, 'बदरीनाथ धाम में संगीत समारोह को अनुमति प्रदान करना ना केवल सांस्कृतिक मर्यादाओं का उल्लंघन है बल्कि धाम की पवित्रता पर भी सीधा आघात है. आदि गुरु शंकराचार्य महाराज जी द्वारा इस धाम की स्थापना हिमालयी पर्यावरण में शांतिपूर्ण तरीके से भगवत भजन के लिए की थी.'
बदरीनाथ धाम में बजा था डीजे, हुआ था डांस
बदरीनाथ धाम में हाल ही में डीजे पर संगीत और डांस वाले वीडियो आए थे. इसी को लेकर आपत्ति जताई जा रही है. धार्मिक मर्यादाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
इसी पर अब मुरली मनोहर जोशी ने भी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने लिखा, 'इस स्थान पर शंख बजाना भी मना है, लेकिन हम उसे भूलकर शोर शराबे वाले संगीत कार्यक्रमों का आयोजन कर भारतीय आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, पर्यावरणीय मूल्यों की घोर उपेक्षा तो कर ही रहे हैं, साथ में इतनी ऊंचाई पर हजारों लोगो के नाचने से उनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की भी उपेक्षा कर रहे हैं.'

'देवभूमि को बाजारू संस्कृति में बदला जा रहा'
जोशी ने लिखा, 'यह इस बात का प्रतीक है कि अब देवभूमि को बाजारू संस्कृति के रूप में बदला जा रहा है. मैं भारतीय संस्कृति के अनुयायियों और विशेषकर पूजनीय शंकराचार्यों और महात्माओं से यह अनुरोध करता हूं कि वे संस्कृति के इस क्षरण को रोकने के लिए प्रभावी आवाज उठाएं.'
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से ऐसे आयोजनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की. उन्होंने कहा कि 'हिमालय देवात्मा है. भगवान शंकर का निवास मां गंगा का उद्गम है. इसे नाच ग्रह बनाना करोड़ो भारतीयों की आस्था पर गहरा आघात है.'
ये वीडियो भी देखेंः आस्था के धाम बद्रीनाथ में DJ पर बवाल, देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल का वीडियो वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं