विज्ञापन

आग से ज्यादा सिस्टम ने जलाया! सिरफिरे आशिक ने युवती को जिंदा जलाया, इलाज के लिए 200KM भटकते रहे परिजन

राउरकेला में एक सिरफिरे आशिक ने 27 वर्षीय युवती को जिंदा जलाने की कोशिश की, जिससे वह 70% तक झुलस गई. इससे भी ज्यादा दर्दनाक हालात तब बने जब परिजन इलाज के लिए 200 किलोमीटर तक भटकते रहे, लेकिन अस्पताल में बेड नहीं मिला.

आग से ज्यादा सिस्टम ने जलाया! सिरफिरे आशिक ने युवती को जिंदा जलाया, इलाज के लिए 200KM भटकते रहे परिजन
पीड़ित युवती.

ओडिशा के राउरकेला में एक सिरफिरे आशिक ने घर में घुसकर 27 वर्षीय युवती को जिंदा जला दिया, लेकिन इससे भी ज्यादा दर्दनाक वह मंजर रहा जब परिजन उसे इलाज के लिए 200 किलोमीटर तक भटकते रहे और फिर भी उसे समय पर बेड नहीं मिल सका. 

यह सनसनीखेज घटना राउरकेला के बिसरा थाना क्षेत्र के संतोषपुर इलाके की है. शनिवार तड़के जब 27 वर्षीय युवती अपने कमरे में सो रही थी, तभी आरोपी रजत किरो घर में घुस आया. बताया जा रहा है कि उसने युवती पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी. पूरी घटना अचानक हुई, जिससे युवती को संभलने तक का मौका नहीं मिला.

चीखें सुन जुटे लोग, मुश्किल से बुझी आग

आग की लपटों में घिरी युवती की चीखें सुनकर परिजन और आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. तब तक युवती बुरी तरह झुलस चुकी थी. मौके का दृश्य इतना भयावह था कि देखने वाले भी सन्न रह गए. हमले में युवती करीब 60 से 70 प्रतिशत तक झुलस गई. गंभीर हालत में उसे तुरंत राउरकेला सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बुर्ला के विमसार अस्पताल रेफर कर दिया.

200 किमी तक भटकते रहे परिजन

यहीं से शुरू हुई परिवार की सबसे बड़ी पीड़ा. परिजन जैसे-तैसे घायल युवती को लेकर करीब 200 किमी दूर बुर्ला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां उसे एक बेड तक नहीं मिल सका. मजबूर होकर उन्हें वापस राउरकेला लौटना पड़ा. फिलहाल युवती का इलाज राउरकेला के एक निजी अस्पताल में जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और लगातार निगरानी में रखा गया है.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

एसपी ऑफिस से जारी प्रेस नोट के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए राउरकेला पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की. वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने साफ किया है कि यह हादसा नहीं बल्कि पहले से सोची-समझी साजिश के तहत की गई वारदात है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Odisha Crime News, One Sided Love Attack, Girl Set On Fire, Rourkela NEWS
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com