एमपी के सागर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पेट्रोलियम कारोबार का पर्दाफाश किया है. एक होटल (ढाबा) से करीब 4 लाख रुपये का ज्वलनशील पदार्थ बरामद किया गया है. मौके से 69 टंकियां, ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई है. इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
जानकारी के मुताबिक, नरयावली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम किशनपुरा के सौरभ ढाबा पर अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल जैसी चीजें जमा की जा रही हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की.
मौके से 4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को मौके पर शिवकुमार यादव, गौरव यादव, वीरेंद्र यादव और ट्रक चालक हेमराज कोरी मिले. पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास इस पेट्रोलियम पदार्थ से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए. इसके बाद पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया.
69 टंकियों में भरा था ज्वलनशील पदार्थ
तलाशी के दौरान पुलिस ने ट्रक और बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुल 69 प्लास्टिक टंकियां बरामद कीं. हर टंकी करीब 200 लीटर की बताई जा रही है. इनमें से 21 टंकियों में डीजल और बाकी में मिश्रित ज्वलनशील पदार्थ मिला है. पुलिस ने सभी टंकियों को जब्त करने के साथ-साथ हर टंकी से एक-एक लीटर के सैंपल लेकर उन्हें सील कर दिया है. इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा, जिससे यह साफ हो सके कि बरामद पदार्थ असल में क्या है.
कैसे चल रहा था पूरा खेल?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पेट्रोल डिपो के टैंकरों से ईंधन चोरी करते थे. इसके बाद उसे बाजार से करीब 20 रुपये सस्ता बेच दिया जाता था. इस तरह वे लंबे समय से मोटा मुनाफा कमा रहे थे. थाना प्रभारी प्रतिमा मिश्रा के मुताबिक, मामले की सूचना संबंधित विभागों को दे दी गई है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह ईंधन कहां से आ रहा था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
बड़ा खतरा बन सकता था यह भंडारण
अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ का खुले में भंडारण बेहद खतरनाक होता है. जरा सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था. इसलिए इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है. इस मामले में नरयावली थाना में केस दर्ज किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं