- दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 28 साल पुराने हत्या मामले में फरार आरोपी रामू को अयोध्या से गिरफ्तार किया
- आरोपी रामू ने 1998 में दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में एक युवक की हत्या की थी, जिसे लेकर विवाद हुआ था
- मोहित नामक युवक की गला घोंटकर हत्या हुई थी, जिसका शव बुध विहार के कोयले की दुकान के पास मिला था
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 28 साल पुराने हत्या के एक मामले में फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के अयोध्या से गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान 54 साल के रामू के रूप में हुई है. वह 1998 में दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में हुई एक युवक की हत्या के मामले में वांछित था.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए पिछले 28 साल से अलग-अलग राज्यों में छिपकर रह रहा था. इस दौरान वह महाराष्ट्र, पंजाब और बिहार में रहा और आखिर में उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बस गया. उसे 21 नवंबर को गिरफ्तार किया गया.
क्या था पूरा मामला?
मामला 13 मार्च 1998 का है. दिल्ली के बुध विहार इलाके में एक कोयले की दुकान के पास बनी झोपड़ी के अंदर 22 साल के युवक मोहित का शव मिला था. मोहित बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला था. पुलिस के मुताबिक, मोहित के गले पर निशान थे.
पोस्टमार्टम में पता चला कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी. इसके बाद थाना सुल्तानपुरी में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मोहित के साथ कोयले की दुकान पर काम करने वाले रामू का उससे झगड़ा हुआ था. पुलिस ने इसी विवाद को हत्या की वजह बताया. उस समय रामू की उम्र करीब 26 साल थी.
यह भी पढ़ें | हत्या कर कजाकिस्तान भागा आरोपी भारत लाया गया, इंटरपोल रेड नोटिस के बाद CBI का बड़ा ऑपरेशन
जनवरी 2000 में भगोड़ा घोषित
पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए काफी कोशिशें कीं, लेकिन वह हाथ नहीं आया. आखिरकार 24 जनवरी 2000 को अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया. इसके बाद उसके खिलाफ भगोड़े से जुड़ी चार्जशीट भी दाखिल की गई.
करीब तीन दशक पुराने इस मामले में आरोपी को पकड़ना क्राइम ब्रांच के लिए बड़ी चुनौती थी. पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी की कोई तस्वीर भी उपलब्ध नहीं थी. ऐसे में उसकी पहचान और मौजूदा ठिकाने का पता लगाना आसान नहीं था.
ऐसे पकड़ में आया आरोपी
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम को इस पुराने मामले में आरोपी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस ने अदालत और सुल्तानपुरी थाने से पुराने रिकॉर्ड जुटाए और आरोपी की तलाश शुरू की.
पुलिस के मुताबिक, रामू गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा. वह करीब 9 साल महाराष्ट्र के मुंबई में, 12 साल पंजाब में और 7 साल बिहार में मजदूरी करता रहा. इसके बाद वह अयोध्या में रहने लगा.
पुलिस टीम ने लगातार जानकारी जुटाने के बाद 21 नवंबर को अयोध्या से उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का जन्म 1972 में उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में हुआ था. वह रोजगार की तलाश में दिल्ली आया था और बुध विहार की कोयले की दुकान पर काम करने लगा था. फिलहाल वह अपने गांव में खेती का काम कर रहा था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं