यूपी के हरदोई जिले के कारोबारी पंकज अग्रवाल के घर हुई 1 करोड़ 29 लाख रुपये की लूट मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने सभी 14 आरोपियों को दबोच लिया है, जो इस मामले में शामिल थे. इसके अलावा इनकी निशानदेही पर रकम भी बरामद कर ली है, जिसे अलग-अलग ठिकानों पर छिपा कर रखा गया था. लूटने वाले गिरोह ने इस रकम का अपने गैंग में बंटवारा भी कर लिया था और उसी आधार पर इसे छिपा कर रखा गया था. पुलिस ने जानकारी दी है कि नौकरों ने खाने में नींद की गोली मिला दी थी और फिर रातोंरात 8 बैग लेकर चंपत हो गए, जिसमें यह रकम रखी थी.
हरदोई के रेलवेगंज में थोक किराना व्यापारी पंकज अग्रवाल के घर नौकरों और मुनीम ने मिलकर करीब ढाई करोड़ रुपये की चोरी की साजिश रची और अंजाम दिया. अग्रवाल के घर में ही काम करने वाले तीन कर्मचारियों ने रकम लेकर भागने के इरादे से 16/17 जुलाई की रात व्यापारी को खाने में नशीला पदार्थ खिला दिया और बेहोश होने पर पिकअप गाड़ी बुलाकर नकदी से भरे बैग लेकर फरार हो गए. अब तक पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा 2 नाबालिगों को हिरासत में लिया है. पुलिस का कहना है कि अब तक आरोपियों की ही निशानदेही पर 1,28,99,310 रुपये की रकम बरामद की जा चुकी है.
Hardoi, Uttar Pradesh: Police have arrested 14 people, including two juveniles, for the multi-crore theft at businessman Pankaj Agrawal's residence and recovered around ₹1.29 crore in cash pic.twitter.com/2FfLq7Xpno
— IANS (@ians_india) July 26, 2026
पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस चोरी की वादरात के बारे में जानकारी दी है. सभी 14 आरोपी चेहरा ढके खड़े थे तो वहीं टेबल पर रखे बक्सों में पुलिस ने पूरी रकम दिखाई, जिसे बरामद किया गया है. हरदोई के इस कांड की काफी चर्चा हो रही थी कि आखिर कैसे घर से इतने बड़े पैमाने पर कैश बरामद हो गया. हरदोई ईस्ट के एसपी सुबोध गौतम ने बताया, 'कारोबारी ने तीन नौकरों के खिलाफ नामजद तहरीर दर्ज कराई थी. फिर तीन टीमों का गठन किया गया और पूरी जांच के बाद 25 तारीख को इन लोगों को पकड़ा गया और 1.29 करोड़ रुपये की रकम भी बरामद हो गई है. अब इन लोगों को अदालत के सामने पेश किया जाएगा. इस मामले में कुल 14 आरोपी पकड़े गए हैं. दो नाबालिग भी हिरासत में लिए गए हैं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं